Logo
हरियाणा के फरीदाबाद में गोमांस सप्लाई की आशंका को लेकर लोगों ने ऑटो सवार दो युवकों के साथ मारपीट की। मौके पर पहुंचे बजरंग दल के सदस्यों ने उन्हें छुड़वाते हुए पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मांस के सैंपल जांच के लिए भेजे।

फरीदाबाद: राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सोहना फ्लाई ओवर के पास गोमांस सप्लाई की आशंका को लेकर हंगामा हो गया। एक ऑटो में मांस लेकर जा रहे दो युवकों के साथ लोगों ने हाथापाई कर दी। इसके बाद बजरंग दल के सदस्य मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवकों को लोगों से छुड़ाया और पुलिस को सौंप दिया। लोगों का आरोप था कि दोनों युवक ऑटो में रखकर गोमांस ले जा रहे थे। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। वहीं, मांस की जांच के लिए सैंपल फरीदाबाद के वेटरनरी अस्पताल में भेज दिए गए। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ऑटो में लोगों ने देखा गोमांस

लोगों के अनुसार सुबह करीब 9 बजे दो युवक ऑटो से जा रहे थे। उनके ऑटो में कुछ लोगों ने गोमांस देखा तो उन्हें रोक लिया। जब वे कुछ बताने के लिए राजी नहीं हुए तो लोगों ने उनके साथ हाथापाई कर दी। मौके पर मौजूद युवक योगेश वैष्णव ने बताया कि लोगों ने ऑटो में गोमांस पकड़ा है। कुछ विशेष समुदाय के युवक गोमांस लेकर जा रहे थे। जो लड़के पकड़े गए हैं, उन्होंने खुद कुबूल किया कि वे फतेहपुर तगा से आए और होटल में मांस को ले जा रहे थे। ये लगातार सप्लाई दे रहे थे। इसी होटल पर ही इनका माल आता है। ऑटो में जो मांस रखा था, वह गोमांस था। बाकी जांच के बाद ही पता लगेगा। आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले रखा है।

बजरंग दल के सदस्य मौके पर पहुंचे

बजरंग दल के सदस्य अनुज ने बताया कि उन्हें सुबह सूचना मिली कि लोगों ने सोहना फ्लाई ओवर के पास एक ऑटो पकड़ा है, जिसमें गोमांस भरा हुआ है। इसके बाद वह मौके पर पहुंचे। वहां देखा कि भीड़ ने दो युवकों को पकड़ रखा है और हाथापाई कर रहे है। इसके बाद लोगों से युवकों को बचाया। साथ ही देखा कि ऑटो में मांस रखा था। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। दोनों युवकों और ऑटो को बस अड्डा चौकी ले गए व शिकायत दे दी। मामले में गहनता से जांच की मांग की।

क्या कहते है थाना प्रभारी

बस अड्डा थाना प्रभारी चमन ने बताया कि थाने के केसराम सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे। उन्हें पता चला कि लोगों ने ऑटो में गोमांस ले जाते हुए युवकों को पकड़ा है। हालांकि, वह गोमांस है या नहीं, यह तो जांच के बाद ही पता लगेगा। युवकों के साथ लोगों ने हाथापाई भी कर दी है। इसके बाद पुलिस उन्हें चौकी ले आई। अब आगे की कार्रवाई सैंपलों की जांच करने के बाद ही की जाएगी।

5379487