Logo
हरियाणा के फतेहाबाद में शादी से मना करने पर युवक ने एक युवती को गोली मार दी। घायल युवती को उपचार के लिए निजीी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।

फतेहाबाद: शादी से मना करने पर एक युवक ने युवती पर जानलेवा हमला करते हुए गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। गोली लगने से घायल युवती को लोगों ने उपचार के लिए हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलने पर सदर फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस मामले में गोली मारने वाले आरोपियों की तलाश कर रही है।

सीए की पढ़ाई कर रही है घायल युवती

पुलिस को दी शिकायत में हिसार जिले के गांव असरावां निवासी सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि उसकी 24 साल की लड़की हिसार में सीए की पढ़ाई कर रही है। गत दिवस उन्हें बड़ोपल पुलिस चौकी से फोन आया। जब वह चौकी में गया तो उसे पता चला कि उसकी लड़की को गोली लगी है और वह हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती है। जब वह हिसार अस्पताल में पहुंचा तो वहां गांव के ही शेर सिंह का दोहता मनोज निवासी गांव नागपुर खड़ा था, जो उन्हें देखकर वहां से खिसक गया। इसके बाद जब उसकी लड़की होश में आई तो उसने बताया कि 23 अक्टूबर को मनोज उनके कमरे में आया और कहा कि उसके दोस्त का जन्मदिन है और उन्हें पार्टी करनी है।

आरोपी शादी करने का बना रहा था दबाव

घायल युवती ने बताया कि उसके गांव का अमित गाड़ी लेकर आया, जिसके साथ गांव जगान निवासी रेनु भी थी। इसके बाद वह चारों फतेहाबाद चले गए। फतेहाबाद से वापस आते समय उन्होंने बड़ोपल के पास होटल पर खाना खाया। जैसे ही वह होटल से निकले तो मनोज उस पर शादी करने का दबाव डालने लगा, लेकिन उसने मना कर दिया। इस बात से गुस्साएं मनोज ने पिस्तौल से उस पर गोली चला दी, जिससे वह बेहोश हो गई। शादी से मना करने पर मनोज ने अपने साथियों सहित षड़यंत्र रचकर उसे जान से मारने की नीयत से गोली मारी है। इस मामले में पुलिस ने मनोज, अमित व रेनु तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

5379487