Logo
हरियाणा के जाखल में एक रेलवे कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 30 वर्षीय अमित कुमार का शव अपने घर पर ही खून से लथपथ हालत में मिला और उसके शरीर पर चोटों के निशान मिले। जिस कारण युवक की हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

फतेहाबाद: जाखल की दुर्गा कॉलोनी निवासी एक रेलवे कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 30 वर्षीय अमित कुमार का शव अपने घर पर ही खून से लथपथ हालत में मिला और उसके शरीर पर चोटों के निशान मिले। जिस कारण युवक की हत्या की आशंका जताई जा रही है। इस बारे सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

परिवार के साथ रहता था मृतक

जानकारी अनुसार अमित कुमार दुर्गा कॉलोनी में अपनी पत्नी, 2 बेटियों और एक बेटे के साथ रहता था। वह रेलवे में बतौर गैंगमैन काम करता था। बुधवार शाम को ड्यूटी के बाद वह घर आ गया। उसका सहकर्मी तरसेम जब ड्यूटी पर जाने के लिए सामान लेने उसके घर गया तो वह बेड पर औंधे मुंह गिरा मिला। उसकी पीठ और टांग पर चोटों के निशान थे और हाथ से खून बह रहा था। वह दौड़ कर बाहर गया और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

दवाई लेने शहर गई थी मृतक की पत्नी

अमित की पत्नी रेणु ने बताया कि वह दोपहर को दवाई लेने के लिए शहर में गई हुई थी। जब वह शाम को वापस घर लौटी, तब उसे घटना के बारे में पता चला। वह किसी से भी नहीं लड़ता था, इसलिए वह किसी पर संदेह नहीं प्रकट कर रही। मृतक की पत्नी ने बताया कि वह शराब पीता था, लेकिन घटना किस प्रकार से हुई, इसके बारे में उसे कुछ भी पता नहीं है। युवक की संदिग्ध हालात में मौत की सूचना पर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है। इसकी जांच कर रहे हैं। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा।

5379487