Logo
हरियाणा के जींद में भाजपा जाटलैंड को साधने के लिए एक सितंबर को बड़ी रैली करने जा रही है, जिसमें आधा दर्जन केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे। रैली की आहट से दूसरे राजनीतिक दलों के पसीने छुटे हुए है। अब देखना यह है कि रैली का कितना असर चुनाव पर होगा।

जींद: विधानसभा चुनाव में अगले सप्ताह से सियासी रंग और गहरा होने जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने प्रचंड जीत के लिए बिसात बिछा दी है। हर क्षेत्र और हर वर्ग को साधने के लिए भाजपा के दिग्गज मैदान में उतरेंगे। पिछले कई दिनों से केंद्रीय मंत्री हरियाणा में कार्यक्रम कर रहे हैं। युवाओं व महिलाओं का सम्मेलन किया, हाल ही में दलित सम्मान स्वाभिमान समारोह में दो केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और मनोहर लाल पहुंचे। सम्मेलनों में अच्छी-खासी हाजिरी से भाजपा उत्साहित है और अब राजनीति के बड़े खिलाड़ी हरियाणा के रण में उतरेंगे।

शुरू होने वाली है राजनीतिक उठापठक

राजनीतिक उठा पटक का दौर शुरू होने वाला है। कई पार्टियां नेताओं से खाली हो चुकी हैं और कई का नंबर है। भारतीय जनता पार्टी एक सितंबर को जींद के एकलव्य स्टेडियम में बड़े स्तर पर जन आशीर्वाद रैली करने जा रही है। रैली में आधा दर्जन केंद्रीय मंत्रियों के साथ-साथ प्रदेश का पूरा नेतृत्व जींद के एकलव्य मैदान से हुंकार भरेगा। भाजपा बांगर की धरती से जाटलैंड को साधने का बड़ा प्रयास करेगी और पार्टी के कई बड़े नेताओं के आने से यह बात भी पक्की हो जाती है कि इस बार हरियाणा विधानसभा का चुनाव पहले चुनावों से कहीं ज्यादा रोचक होने वाला है।

रैली की आहट से अन्य दलों के छूटे पसीने

भाजपा द्वारा जींद में की जा रही रैली की आहट से दूसरे राजनीतिक दलों को पसीना आने लगे है। राजनीतिक दल नाराज चल रहे अपने नेताओं को मनाने में जुट गए हैं, क्योंकि एक सितंबर को भाजपा हरियाणा की राजनीति में बड़ा सरप्राइज देने जा रही हैं। जींद में होने वाली रैली में दुष्यंत चौटाला का साथ छोड़ चुके तीन विधायक तो इसी दिन भाजपा में शामिल होंगे। इनके साथ-साथ हरियाणा के कई बड़े चेहरे भी भाजपा ज्वाइन करेंगे। विधानसभा चुनाव की घोषणा होने से पहले ही भाजपा के रणनीतिकारों और दिग्गजों ने इसकी तैयारी भी कर ली थी और अब इसे धरातल पर उतारा जाएगा।

राजनीतिक दलों को लग सकता है झटका

भारतीय जनता पार्टी महाभारत के अंतिम छोर जींद की धरती से कांग्रेस और दूसरे राजनीतिक दलों को बड़ा झटका देने की तैयारी में हैं। भाजपा जाट लैंड से कई बड़े राजनीतिक संदेश देने जा रही है। जींद विधानसभा भारतीय जनता पार्टी की सेफ सीट मानी जाती है। यहां से पार्टी दो बार लगातार चुनाव जीत चुकी है। जींद के आसपास के क्षेत्र और अन्य विधानसभाएं जाट बाहुल्य मानी जाती हैं। जींद की जन आशीर्वाद रैली में भाजपा ने जाट लैंड को साधने की पूरी तैयारी की है और हर कार्यकर्ता को काम पर लगाया हुआ है।

नॉन स्टॉप चल रही भाजपा

नॉन स्टॉप सीएम के नाम से मशहूर नायब सिंह सैनी अब तक एक दर्जन से अधिक विधानसभा स्तर पर बड़ी-बड़ी सफल जनसभाएं कर चुके हैं। हर जनसभा में उमड़ी भीड़ से भाजपा पूरे जोश व उत्साह में है। नायब सिंह सैनी युवाओं व महिलाओं के बड़े सम्मेलन भी कर चुके हैं। मंगलवार को रोहतक में एक साथ हजारों युवाओं व छात्र नेताओं ने भाजपा ज्वाइन की है। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री और फिलहाल केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल भी गत दिनों कुरुक्षेत्र में दलितों का अच्छी खासी हाजिरी के साथ सम्मेलन कर चुके हैं।

5379487