Logo
हरियाणा के जींद में पूर्व विधायक पर दुष्कर्म का आरोप लगाने के मामले में पुलिस ने एसआईटी गठित कर दी है, जो मामले की जांच करेगी। वहीं, पूर्व विधायक ने इसे राजनीति षड़यंत्र करार दिया और मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की।

जींद: नरवाना के पूर्व विधायक पर महिला द्वारा लगाए गए दुष्कर्म के आरोपों की जांच को लेकर एसपी सुमित कुमार ने डीएसपी गीतिका जाखड़ के नेतृत्व में एसआईटी गठित कर दी है। इस मामले की जांच एसआईटी द्वारा की जाएगी। वहीं विधायक ने इन आरोपों को राजनीतिक षड़यंत्र करार दिया है। विधायक ने कहा कि उनकी छवि खराब करने के लिए इस प्रकार की साजिश रची गई है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

महिला ने दुष्कर्म का लगाया आरोप

गौरतलब है कि एक महिला ने वीरवार को महिला थाना में शिकायत देकर पूर्व विधायक पर तीन साल तक नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। इस मामले में विधायक की पत्नी, उनकी गाड़ी के चालक तथा एक अन्य व्यक्ति पर भी धमकी देने के आरोप लगाए थे। महिला थाना पुलिस ने विधायक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने इस मामले में एसआईटी गठित कर दी। यह एसआईटी डीएसपी गीतिका जाखड़ के नेतृत्व में गठित की है। डीएसपी व उनकी टीम अब इस मामले की जांच करेगी।

राजनीतिक षड़यंत्र के तहत फंसाने का प्रयास

पूर्व विधायक ने कहा कि यह साजिश केवल इसलिए रची गई है कि वह भाजपा से चुनाव नहीं लड़ सके। पूर्व विधायक ने पुलिस अधीक्षक से इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो जाए। उनके खिलाफ राजनीतिक षड़यंत्र रचा गया है। वह एक सितंबर को जींद में होने वाली भाजपा की जन आशीर्वाद रैली में भाजपा में शामिल होने वाले थे। वह नरवाना से भाजपा के टिकट के प्रबल दावेदार थे। उनके राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों ने यह सारा खेल रचा है।

5379487