Logo
हरियाणा के करनाल में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि हरियाणा को नम्बर-वन बनाने की बात करने वाली हुड्डा सरकार ने हरियाणा को गबन, भ्रष्टाचार, उत्पीड़न एवं खर्ची-पर्ची में नम्बर-वन बनाया है। एक ही जिले तक इनका विकास रुका रहता था। 

करनाल: पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने लगातार हरियाणा को आगे बढ़ाया और डबल इंजन की सरकार ने पूरे प्रदेश में चहुंमुखी विकास करवाया। प्रदेश में भाजपा की हैट्रिक भी लगेगी और नॉन स्टॉप हरियाणा आगे भी बढ़ेगा। अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि हरियाणा को नम्बर-वन बनाने की बात करने वाली हुड्डा सरकार ने हरियाणा को गबन, भ्रष्टाचार, उत्पीड़न एवं खर्ची-पर्ची में नम्बर-वन बनाया है। एक ही जिले तक इनका विकास रुका रहता था।

भूपेंद्र हुड्डा नहीं दे पा रहे ईडी को जवाब

अनुराग ठाकुर ने कहा कि हजारों किसानों की हजारों एकड़ जमीन हड़प ली गई। भ्रष्टाचार के मामलें में हुड्डा साहब जनता के जवाब देना तो दूर की बात, ईडी को जवाब नहीं दे पा रहे हैं। कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल में कांग्रेस ने झूठे वायदे किए थे। कांग्रेस हिमाचल को दिवालियेपन की ओर ले गई है। किसान भाईयों को प्रधानमंत्री सम्मान में जो छह हजार रुपए मिलते है, अब हरियाणा के किसानों को दस हजार रुपए मिलेंगे और जो धान की फसल आने वाली है उसकी खरीद भी 3100 रुपए की जाएगी। ये आज तक के हरियाणा के इतिहास में सबसे ज्यादा दाम मिलने वाला है।

झूठी है कांग्रेस की गारंटी

अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के विधायक कह रहे हैं कि 50 वोट पर एक नौकरी देंगे, जो कांग्रेस की घटिया मानसिकता का प्रमाण है। कांग्रेस खर्ची पर्ची करके लोगों से पैसा निकालना चाहते हैं। कांग्रेस के प्रत्याशी सरकार आने पर अपने घर भरने की बात सरेआम कह रहे हैं। कांग्रेस राज में दलाल और दामाद का जलवा-ए-जलाल था। दलितों पर अत्याचार होते थे। ये अपना घर और अपने दामाद का घर भरने की बात करते हैं। आज बापू बेटे को सैट करने में लगा है और हरियाणा को अपसैट करने में। कांग्रेस की हालत यह हो गई है कि राहुल गांधी को जबरदस्ती मजबूरी में हाथ मिलाने पड़ रहे हैं। पांच अक्टूबर को भाजपा की सरकार पूर्ण बहुमत के साथ हरियाणा में बनेगी।

5379487