Logo
Karnal Suicide Case: करनाल में पति-पत्नी दोनों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पत्नी का शव कमरे से, जबकि पति का शव खेत से बरामद किया है।

Karnal Suicide Case: करनाल में पति -पत्नी दोनों ने आत्महत्या कर ली। दंपति किराए के मकान में रहते थे। पत्नी ने घर में फांसी लगा ली। इसके बाद पति ने घर से करीब 100 मीटर दूर खेत में पेड़ पर फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। घटना के बारे में पता लगते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच  शुरू कर दी है।

दोनों के बीच होते थे झगड़े

मामला करनाल के कोहंड गांव के अलीपुर रोड का है। मृतकों की पहचान अजय और उसकी पत्नी राधा के रूप में हुई है। दोनों मध्य प्रदेश सतना जिले के कचनार गांव के रहने वाले हैं। करीब 3 साल पहले दोनों ने प्रेम विवाह किया था। परिजनों का कहना है कि दोनों जिस फैक्ट्री में काम करते थे, वहां पर बबलू उर्फ मास्टर भी काम करता है।

अजय की मां शकुंतला ने आरोप लगाया है कि बबलू की वजह से राधा और अजय के बीच झगड़ा होता था। क्योंकि अजय को शक था कि उसकी पत्नी का बबलू के साथ अफेयर चल रहा था। इस बात को लेकर शनिवार 25 अगस्त की रात को अजय और राधा के बीच झगड़ा भी हो गया था। जिसके बाद राधा ने खुद को कमरे में बंद कर लिया था।

केस में फंसाने की धमकी 

अजय ने मकान मालिक सुरेंद्र को बुला लिया। इसके बाद दरवाजा तोड़ा तो राधा पंखे पर फंदे से लटकी हुई थी। फैक्ट्री में काम करने वाले बबलू को इस बारे में पता लगा तो वो भी मौके पर पहुंच गया। उसने अजय को फंसाने की धमकी दी थी। अजय की मां शकुंतला का कहना है कि राधा के सुसाइड करने के बाद अजय घर से निकल गया। जब वह उसे पकड़ने के लिए दौड़ी तो बबलू ने उसे पकड़कर कमरे में बंद कर दिया।

Also Read: गुरुग्राम में दर्दनाक सड़क हादसा, दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेस वे पर पलटी तेज रफ्तार बस, छात्र की मौत, 7 घायल

पुलिस जांच में जुटी

घटना के बारे में पता लगने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। राधा के शव को कब्जे में ले लिया। अगले दिन पुलिस ने रविवार 26 अगस्त को घर के पास खेत में पेड़ पर अजय फंदे पर लटा हुआ मिला। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भिजवा दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

5379487