Logo
हरियाणा के बहालगढ़ चौक पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों सहित तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। महिला व एक मृतक की शिनाख्त नहीं हुई है।

Sonipat: नेशनल हाईवे पर स्थित बहालगढ़ चौक पर वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों सहित तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि हादसे में एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने दो साथियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। हादसे में जान गंवाने वाले युवक व घायल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस मामले में वाहन चालक की तलाश कर रही है।

दिल्ली से वापस गांव दातौली आ रहे थे बाइक सवार युवक

गांव दातौली निवासी सत्यवान ने बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया कि दो बेटों व दो बेटियों में सबसे बड़ा बेटा अमन अपने दोस्त गांव के ही विशाल के साथ बाइक पर दिल्ली गया था। वह शुक्रवार रात को दिल्ली में काम खत्म कर वापस घर आ रहे थे। बाइक को विशाल चला रहा था। अमन बाइक पर उसके पीछे बैठा था। जब वह दोनों बहालगढ़ फ्लाईओवर पर पहुंचे तो किसी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान वाहन चालक ने बाइक को टक्कर मारने के बाद सड़क पर चल रहे एक युवक व महिला को भी कुचल दिया। पैदल चल रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

पीजीआई में उपचार के दौरान घायलों ने तोड़ा दम

सड़क हादसे के बाद राहगीरों ने घायल विशाल, अमन व महिला को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां से उन्हें प्राथमिक इलाज देने के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। अमन की पीजीआई में उपचार के दौरान मौत हो गई, वहीं बाद में विशाल की निजी अस्पताल में मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची बहालगढ़ थाना पुलिस ने दोनों के शवों को शनिवार शाम को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। हादसे का शिकार हुए युवक के शव व घायल महिला की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।

5379487