Logo
हरियाणा के हिसार में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि लोकसभा चुनाव आरंभ होने से पहले भारत जोड़ो यात्रा निकालने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी को चुनाव के बाद कांग्रेस ढूंढो यात्रा निकालनी पड़ेगी। देश की जनता ने नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का फतवा दे दिया।

Hisar: केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हिसार की धरती पर गरजते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव आरंभ होने से पहले भारत जोड़ो यात्रा निकालने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी को चुनाव के बाद कांग्रेस ढूंढो यात्रा निकालनी पड़ेगी। देश की जनता ने नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का फतवा दे दिया है और इन चुनावों में कांग्रेस को 40 सीटें भी नहीं मिलने वाली। अमित शाह पुराना राजकीय कॉलेज मैदान में आयोजित महाविजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे।

खेलों में मेडल दिलाने में हरियाणा की अग्रणी भूमिका

अमित शाह ने कहा कि देश की सुरक्षा में हरियाणा का जवान, अन्न भंडारण में हरियाणा का किसान व खेलों में मेडल दिलाने में हरियाणा के खिलाड़ी की अग्रणी भूमिका है लेकिन कांग्रेस ने इन तीनों को ही खत्म करने का प्रयास किया। हरियाणा के जवान की वजह से हम अपने घरों में निश्चित होकर सो रहे हैं, किसान की वजह से भरपेट खाना खा रहे हैं और खिलाड़ियों की वजह से हर खेल में मेडल ला रहे हैं। मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद हर क्षेत्र के साथ-साथ इन तीनों क्षेत्रों को प्रमुखता से आगे बढ़ाया, लेकिन कांग्रेस ने इन तीनों क्षेत्रों को समाप्त करने का प्रयास किया। सेना में बोफोर्स घोटाला हुआ, खेल क्षेत्र में कॉमनवेल्थ घोटाला हुआ और किसानों के क्षेत्र में फर्टिलाइजर घोटाला हुआ। कांग्रेस ने सदैव अपना घर भरने का काम किया।

कांग्रेस ने हजारों करोड़ के घोटाले किए

अमित शाह ने कहा कि चुनाव में एक तरफ कांग्रेस पार्टी है, जिसने हजारों करोड़ के घोटाले किए। कांग्रेस का युवराज चांदी का चम्मच मुंह में लेकर पैदा हुआ वहीं दूसरी तरफ गरीब का बेटा नरेन्द्र मोदी है, जो 10 साल से प्रधानमंत्री है। 15 साल मुख्यमंत्री रहे, लेकिन उन पर 25 पैसे के भ्रष्टाचार का आरोप नहीं है। चुनाव समाप्त होते ही कांग्रेस के युवराज छुट्टियां बिताने बैंकॉक या थाइलेंड चले जाएंगे, लेकिन नरेन्द्र मोदी यहीं पर रहेंगे, अपने देश की जनता के साथ। नरेन्द्र मोदी तो ऐसे प्रधानमंत्री है, जो कभी छुट्टी नहीं लेते और दीपावली भी अपने देश के सैनिकों के साथ मनाते हैं।

पीओके हमारा है, हमारा रहेगा, लेकर रहेंगे

महाविजय संकल्प रैली में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पीओके हमारा है, हमारा रहेगा और हम उसे लेकर रहेंगे। जबकि कांग्रेस कहती है कि पाक के पास एटम बम है, उसकी इज्जत करो। कांग्रेस शासन में रोज पाकिस्तान से आंतकी आते थे, बम धमाके करते थे और उनका कुछ नहीं बिगड़ता था। मोदी शासन में एक दो घटनाएं हुई, हमने सर्जिकल स्ट्राइक की, आतंकियों को उनके घर में घुसकर मारा और आज देश में कोई आतंकवादी या नक्सलवादी घटना नहीं है।

कांग्रेस को वोट बैंक खिसकने का डर

अमित शाह ने कांग्रेस पर बरसते हुए कहा कि कांग्रेस को राम लला प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण दिया गया, लेकिन कांग्रेस के नेता शामिल नहीं हुए। कांग्रेस को अपना परम्परागत वोट खिसकने का डर था लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस का वजूद नहीं बचने वाला। कांग्रेस ने 70 साल तक धारा 370 को सुरक्षित रखा लेकिन नरेन्द्र मोदी ने इसे समाप्त करके ऐतिहासिक कार्य किया।

कोरोना से देश को मोदी ने बचाया, राहुल ने ओच्छी राजनीति की

अमित शाह ने कहा कि कोरोना काल में देश की मोदी सरकार ने ऐतिहासिक व हिम्मत वाले फैसले लिए। कोरोना वैक्सीन लगवाकर देशवासियों का जीवन सुरक्षित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने कोरोना काल व वैक्सीन के समय सरकार के कदमों का विरोध करके ओच्छी राजनीति की। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व वाला गठबंधन आरक्षण के बारे में जनता को गुमराह कर रहा है। वे स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि आरक्षण को कोई खतरा नहीं है लेकिन इतना अवश्य है कि तीसरी बार सत्ता में आने के बाद गैर जरूरी आरक्षण अवश्य समाप्त किया जाएगा।

हुड्डा पर बरसे अमित शाह

महाविजय संकल्प रैली के दौरान केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र हुड्डा पर जमकर प्रहार किए। उन्होंने कहा कि हुड्डा कोई मुख्यमंत्री नहीं बल्कि दिल्ली दरबार के दामाद के दरबारी बने हुए थे। जो दरबारी होगा वो दरबारी वाला ही काम करेगा, मुख्यमंत्री वाला काम कैसे करेंगे। कांग्रेस चाहे केन्द्र में रही हो या हरियाणा में, उसने भ्रष्टाचार के सिवाय कुछ नहीं किया।

jindal steel hbm ad
5379487