Logo
Haryana Assembly Election: सोनीपत की गोहाना विधानसभा सीट पर निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार अरुण निनानिया ने आज भाजपा का दामन थाम लिया है।

Haryana Assembly Election: हरियाणा विधानसभा चुनावों में दल बदलू की प्रक्रिया अब भी जारी है। नेताओं का एक दल से दूसरे दल में शामिल होने का सिलसिला अभी भी जारी है। इसी कड़ी में सोनीपत की गोहाना विधानसभा सीट पर निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार अरुण निनानिया ने भाजपा का दामन थाम लिया है। निनानिया ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और भाजपा उम्मीदवार डॉ. अरविंद शर्मा की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली है।

ईमानदार नौजवान का भाजपा में स्वागत 

अरुण निनानिया का कहना है कि देश हित में फैसला लेते हुए भाजपा पार्टी ज्वॉइन की है। बता दें कि अरुण निनानिया ने भाजपा उम्मीदवार डॉ. अरविंद शर्मा को समर्थन दिया है। इस दौरान निनानिया ने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार जगबीर मलिक को चुनाव में हराना है। इस अवसर पर अरविंद शर्मा ने भी अरुण निनानिया का समर्थन करते हुए कहा कि अरुण निनानिया अपने आप में एक ईमानदार शख्सियत हैं। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से काम करने वाले नौजवानों का हम भाजपा पार्टी में स्वागत करते हैं।

Also Read: हरियाणा विधानसभा चुनाव, 'तबियत खराब तो बहाना है, असली कारण तो...,'खड़गे की रैली कैंसिल होने पर बोले अनिल विज

सीएम सैनी के आने पर होगा बड़ा कार्यक्रम

अरविंद शर्मा ने यह भी कहा कि अरुण निनानिया की मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भी बात करवाई गई है। अरविंद शर्मा का यह भी कहना है कि जिस दिन सीएम सैनी गोहाना आएंगे उस दिन एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा में सभी का सम्मान किया जाएगा। बड़ौली ने दावा करते हुए कहा कि हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी और हरियाणा में डबल इंजन की सरकार काम करेगी। उन्होंने कहा कि अरुण निनानिया के पार्टी में शामिल होने से भाजपा को मजबूती मिलेगी। अरुण निनानिया का कहना है कि वह भाजपा पार्टी के हित के लिए काम करेंगे और प्रदेश में भाजपा सरकार की जीत सुनिश्चित करेंगे। 

5379487