Logo
हरियाणा के पूर्व सीएम व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बीजेपी ने पहले अपने मुख्यमंत्री का चेहरा बदला और अब लोकसभा के पांच सांसदों का चेहरा बदल डाला। भाजपा सिर्फ चेहरे बदलने में लगी हुई है, जबकि कांग्रेस और हरियाणा की जनता सरकार बदलने के मिशन पर सफलतापूर्वक आगे बढ़ रही है।

Rohtak: पूर्व सीएम व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बीजेपी ने पहले अपने मुख्यमंत्री का चेहरा बदला और अब लोकसभा के पांच सांसदों का चेहरा बदल डाला। भाजपा सिर्फ चेहरे बदलने में लगी हुई है, जबकि कांग्रेस और हरियाणा की जनता सरकार बदलने के मिशन पर सफलतापूर्वक आगे बढ़ रही है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा अपने रोहतक स्थित आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। भूपेंद्र हुड्डा ने उच्च न्यायालय का कांग्रेस सरकार द्वारा बनाए गए भूमि सुधार कानून को मान्यता देने पर आभार व्यक्त किया।

कांग्रेस सरकार ने लागू किया था भूमि अधिनियम 2010

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बरसों पहले हरियाणा के अलग-अलग गांवों में अन्य स्थान से आकर कई वर्ग बस गए थे। उन वर्गों को पंचायतों व अन्य किसी ने जमीन दान में दी थी। इन वर्गों को दोहलीदार, बूटीमार, भोंडेमार और मुकरारीदार कहा जाता है। इनमें ब्राह्मण, पुरोहित, पुजारी, जांगड़ा ब्राह्मण, नाई, प्रजापत, लोहार, वाल्मिकी, धानक, गोस्वामी, स्वामी, बड़बुजा, धोबी, तेली अन्य कारीगर आदि वर्गों के लोग शामिल थे। बरसों से उस जमीन पर रहने, बसने व खेती करने के बावजूद इन वर्गों को जमीन का मालिकाना हक नहीं मिल पाया था। इसलिए, ना वो इस जमीन को आगे बेच सकते थे और ना ही किसी तरह का लोन ले सकते थे। इन तमाम वर्गों को मालिकाना हक दिलवाने के लिए कांग्रेस सरकार ने भूमि अधिनियम 2010 लागू किया था।

भाजपा सरकार ने अधिनियम में किया था कुछ हेरफेर

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि 2018 में बीजेपी सरकार ने उस कानून को निरस्त कर दिया। कांग्रेस ने इस मुद्दे को बार-बार विधानसभा में उठाया। लेकिन बहुमत के जोर पर बीजेपी ने 2010 के कानून में संशोधन करके लाभार्थियों से जमीन वापिस लेने का कानून पास कर दिया। बीजेपी ने लाभार्थियों से जमीन खाली करवाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी। इसके बाद ये पूरा मामला कोर्ट पहुंच गया। अब न्यायालय ने ना सिर्फ कांग्रेस सरकार द्वारा बनाए गए कानून को वैधानिक करार दिया बल्कि इसकी प्रशंसा भी की।

गैर कांग्रेसी नेता का पार्टी से चुनाव लड़ने की बात केवल अफवाह

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि 32 दलों द्वारा दिल्ली में एआईसीसी ऑफिस जाकर इंडिया गठबंधन को बाहर से समर्थन देने की पेशकश की गई है। जहां तक हरियाणा का विषय है, लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी या उसके प्रमुख राजकुमार सैनी का कांग्रेस में शामिल होने का सवाल ही नहीं है। क्योंकि, ना तो वो कांग्रेस में शामिल हुए, ना ही कांग्रेस के सदस्य बने। इसलिए किसी गैर-कांग्रेसी नेता के कांग्रेस पार्टी से चुनाव लड़ने की बात कोरी अफवाह है। कांग्रेस 36 बिरादरी की पार्टी है और वो कभी जात-पात की राजनीति नहीं करती। कांग्रेस में जात-पात और जातिवादी मानसिकता की कोई जगह नहीं है।

प्रदेश के सामने अपराध सबसे बड़ी समस्या

प्रदेश में बढ़ते अपराध पर टिप्पणी करते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश के सामने आज यह सबसे विकराल समस्या है। अपराधी बेखौफ वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और आमजन डर के साये में जी रहा है। ऐसा लगता है कि प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। रेलवे रोड पर दो दुकानों को तोड़े जाने के मसले पर अधिकारियों को निष्पक्ष रहने की नसीहत देते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की। रात को 3 बजे कुछ लोगों ने दुकानों को तोड़ डाला, जो पूरी तरह गैर-कानूनी है।

5379487