Logo
हरियाणा के दादरी में भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि प्रदेश बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार व अपराध में एक नंबर पर पहुंच गया है। 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुनी करने का दावा करने वाली सरकार में किसान लगातार कर्जदार होता जा रहा है।

Charkhi Dadri: जन आक्रोश रैली में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा जजपा गठबंधन सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार व अपराध में एक नंबर पर पहुंच गया है। 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुनी करने का दावा करने वाली सरकार में किसान लगातार कर्जदार होता जा रहा है। इस सरकार ने किसानों की आमदनी दोगुनी तो दूर, उल्टा लागत भी बढ़ा दी। खाद व कीटनाशक का भाव बढ़ा दिया। भाजपा व जजपा का केवल भ्रष्टाचार की फाइले दबाने का समझौता हुआ है।

कांग्रेस राज की उपलब्धियों को गिनवाया 

भूपेंद्र हुड्डा ने कांग्रेस राज की उपलब्धियों को गिनवाते हुए कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने किसानों के 1600 करोड़ रुपए के बिजली बिल माफ किए थे। 3 लाख 82 हजार जरूरतमंद परिवारों को प्लाट व मकान दिए, लेकिन भाजपा सरकार पिछले साढ़े 9 साल के कार्यकाल में किसी एक भी परिवार को प्लांट तक नहीं दे पाई। कांग्रेस सरकार में सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले पहली क्लास के बच्चे को भी वजीफा दिया जाता था, मगर 2014 में भाजपा की सरकार बनते ही गरीबों की सभी योजनाओं को बंद कर दिया। गठबंधन सरकार परिवार पहचान पत्र, प्रॉपर्टी आईडी व अनावश्यक पोर्टल के माध्यम से जनता का ध्यान मुद्दों से भटका रही है, कांग्रेस सरकार बनते ही अनावश्यक पोर्टलों को बंद किया जाएगा।

भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का भाजपा जजपा का हुआ समझौता 

राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा व जजपा का गठबंधन भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का हुआ है। जजपा विधायक रामकुमार गौतम ने खुद अपने पार्टी के सुप्रीमों की पोल खोली है। तीन कृषि कानून के विरोध में किसान एक साल तक सड़कों पर बैठे रहे, दर्जनभर किसान शहीद हुए, लेकिन सरकार ने सहानुभूति का एक शब्द तक नहीं बोला। चुनाव में भाजपा फिर साजिश व षडयंत्र रचने का काम करेगी, इसलिए सावधान रहें।

5379487