Logo
हरियाणा के सोनीपत में पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह डूमरखां ने कहा कि किरण व श्रुति चौधरी के मन में कहीं न कहीं कोई राजनीतिक चोट लगी है, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया। किसी को राजनीतिक चोट नहीं पहुंचानी चाहिए।

Sonipat: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह डूमरखां ने कहा कि किरण व श्रुति चौधरी के मन में कहीं न कहीं कोई राजनीतिक चोट लगी है, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया। किसी को राजनीतिक चोट नहीं पहुंचानी चाहिए। हरियाणा में अगला मुख्यमंत्री जनता व विधायक तय करेंगे। प्रदेश में क्षेत्रीय दलों का अब कोई अस्तित्व नहीं बचा है। आगामी विधानसभा चुनाव सीधे तौर पर भाजपा व कांग्रेस के बीच होगा। आज प्रदेश के 75 फीसदी मतदाता कांग्रेस के पक्ष में हैं।

मणिपुर के बारे में सरकार को चाहिए सोचना

बीरेंद्र सिंह ने मणिपुर मामले पर कहा कि मणिपुर में आज भी दंगे बंद नहीं हुए हैं। सरकार को इस बारे में सोचने की सख्त जरूरत है। वहीं गुटबाजी के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह 52 साल से राजनीति में हैं, लेकिन उनका कोई गुट नहीं है। बीरेंद्र सिंह ने संत कबीर दास का बेहद लोकप्रिय दोहा सुनाते हुए कहा कि बुरा जो देखन मैं चला, बुरा न मिलिया कोय। जो दिल खोजा आपना, मुझये बुरा न कोय।। इस दोहे में गुरू कबीर साहेब कह रहे है कि मैं इस दुनिया में बुराई खोजने गया, तो मुझे कोई भी बुरा नहीं मिला, लेकिन जब मैंने खुद के अंदर झांका तो मुझे खुद से ज्यादा बुरा कोई इन्सान नहीं मिला।

दूसरे में बुराई खोजने की जगह खुद में झांके

बीरेंद्र सिंह ने कहा कि हर कोई हमेशा एक-दूसरे में बुराई निकालने की कोशिश करता है लेकिन अपने पर कभी कोई ध्यान नहीं देता। संत कबीर साहेब जात-पात के खिलाफ थे, उन्होंने कहा था कि कोई जात-पात नहीं होती। हमें एक दूसरे के साथ मिलकर चलना होता है। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस का कुनबा लगातार बढ़ रहा है और जो लोग कांग्रेस छोड़ रहे है, वह अपने स्वार्थ के कारण जा रहे हैं। आने वाले समय में कांग्रेस की सरकार बनेगी और प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है।

5379487