Logo
मंच से शीश झुकाकर बोले राजनाथ, देश में अब तक निर्विरोध चुने गए 28 में से 20 सांसद बनाने वाली कांग्रेस आज संविधान को खतरे में बता रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार करना और दंगे भड़काना कांग्रेस का चरित्र रहा है। 

रोहतक। रक्षामंत्री राजनाथ ने कहा कि देश में आज तक 28 सांसद निर्विरोध बने। जिनमें सबसे अधिक 20 सांसद कांग्रेस के चुने गए। आज वहीं पार्टी संविधान को खतरे में बता रही है। हम आंखों में धूल झोंककर नहीं, बल्कि आंखों में आंख डालकर राजनीति करते हैं। काम तो पिछली सरकारों ने भी किया, परंतु मोदी के कार्यकाल में तेजी से विकास हुआ और अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का सम्मान बढ़ा। आज अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भारत की बातों को पूरा विश्व सुनता है। भारत आज विश्व की पांचवीं अर्थव्यवस्था बन चुका है तथा 2027 तक तीसरी अर्थव्यवस्था होगा। यह चुनाव भी निपट जाएगा और चुनाव के साथ कांग्रेस भी निपट जाएगी। उन्होंने रोहतक के पुराने आईटीआई ग्राउंड में भाजपा उम्मीदवार डॉ. अरविंद शर्मा के समर्थन में रैली को संबोधित करते हुए यह बात कही।

महात्मा गांधी की इच्छा पूरी करने का वक्त 

रक्षामंत्री ने कहा कि आजादी के बाद महात्मा गांधी ने स्वयं कांग्रेस पार्टी का भंग करने की बात कही थी, परंतु उस समय यह संभव नहीं हो पाया। आज वह समय आ गया है कि देश की जनता महात्मा गांधी की इच्छा को पूरी करने के लिए चुनावों में हराकर कांग्रेस को खत्म करें। महात्मा गांधी चाहते थे कि जिस पार्टी के झंडे तले देश की आजादी की लड़ाई लड़ी गई हो, उस पार्टी के झंडे तले किसी पार्टी को सत्ता के लिए अपनी राजनीति नहीं करनी चाहिए। सैम पित्रोदा ने कहा कि पैतृक संपत्ति का हिस्सा भी लिया जाए। ये कांग्रेस के लोग बोल रहे हैं, अब जनता जागरूक हो चुकी है, अब कोई गुमराह नहीं कर सकते। कांग्रेस उसी राह पर चल रही है, पित्रोदा कांग्रेस के प्रमुख सलाहकारों में से एक हैं। 

जिस सर्जिकल स्ट्राइक को कांग्रेस ने नकारा, उसे पाकिस्तान ने स्वीकार

रक्षामंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जिस सर्जिकल स्ट्राइक को कांग्रेस नकारती रही है, उसे अब पाकिस्तान सरकार खुद स्वीकार कर रहा है। कांग्रेस हमेशा नेता हमेशा पाकिस्तान व चीन की भाषा बोलते रहे हैं। जिस कारण चुनाव में पाकिस्तान के नेता राहुल की तारीफ कर रहे है। आज पूरा विश्व मोदी की बात सुनता है। रूस-यूक्रेन युद्ध में फंसे भारतियों को युद्ध रूकवाकर मोदी सुरक्षित देश लेकर आए। दुनिया के किसी भी हिस्से में जब भारतीय पर कोई आफत आती है तो सबसे पहले भारत ही वहां पहुंचकर अपने देशवासियों की रक्षा करने में सफल होता है।  

संसद में छक्का मारेंगे अरविंद

राजनाथ ने कहा कि संसद में अरविंद शर्मा मजूबती से आपकी बात रखते हैं। अपनी बात मजबूती से रखने के लिए उन्हें छठी बार चुनाव जीतवाकर संसद भेजे। राजनाथ ने मंच से अरिंवद शर्मा के साथ मनोहर लाल को संत की संज्ञा दी तथा मुख्यमंत्री के रूप में मनोहर व नायब सैनी के काम व पारदर्शी प्रशासन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि दूसरों को डराने वाले राहुल गांधी अब खुद अमेठी का रण छोड़कर भाग गए हैं। 

कांग्रेस रुपये तोलकर देती थी नौकरी, अब योग्यता पैमाना, कांग्रेस ने दंगें भड़काए 

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मोदी के 10 साल के शासन के सामने कांग्रेस का 60 साल का शासन विकास में कहीं आसपास भी नहीं है। हरियाणा में हमने भ्रष्टाचार को खत्म कर पारदर्शी प्रशासन दिया है। कांग्रेस के राज में नोटों का बोझ देखकर युवाओं को नौकरी दी जाती थी। अब युवाओं को योग्यता के आधार पर बिना पर्ची बिना खर्ची नौकरी मिल रही हैं। कांग्रेस का काम सत्ता में रहते हुए लूट खसौट करना और सत्ता जाने पर दंगे भड़काना तक सीमित रहा है। प्रदेश की जनता कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम जाल से बचे। देश बोल रहा है अबकी बार 400 पार। नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। मोदी के हाथ मजबूत करने के लिए डॉ. अरविंद शर्मा का बड़ी जीत के साथ संसद भेजने का आह्वान किया। 

अरविंद बोले, मैट्रों से जुड़ेंगे रोतहक, झज्जर, वरना नहीं लडूंगा 2029 का चुनाव

रोहतक से भाजपा उम्मीदवार डॉ. अरविंद शर्मा ने विजय संकल्प रैली के मंच से राजनाथ सिंह के सामने कई मांगें रखी। उन्होंने कहा कि मैट्रो असोदा तक मंजूर हो चुकी है। सांपला से होते हुए मैट्रो रोहतक आएगी। है यदि मैं रोहतक, झज्जर व बादली को मैट्रो से नहीं जोड़ पाया तो 2029 का चुनाव नहीं लड़ूगा।  डॉ. अरविंद शर्मा ने राजनाथ सिंह के सामने मातनहेल व महम में सैनिक स्कूल खोलने की मांग करते हुए कहा कि मातनहेल में तो स्कूल मंजूर हो चुका है। उन्होंने अहीर रेजिमेंट बनाने के साथ लमण माचरा  कलानौर में सैनिक स्कूल खोलने की मांग रखी। 
 

5379487