Logo
हरियाणा के जींद में पशु व्यापारी ने डेढ़ करोड़ से ज्यादा की राशि दूसरे व्यापारियों में फंसने से खफा होकर जहर निगल कर आत्महत्या कर ली। मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में 11 लोगों को मौत के लिए जिम्मेवार ठहराया गया।

Jind: गांव सुरबूरा के पशु व्यापारी ने डेढ़ करोड़ से ज्यादा की राशि दूसरे व्यापारियों में फंसने से खफा होकर जहर निगल कर आत्महत्या कर ली। मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में 11 लोगों को मौत के लिए जिम्मेवार ठहराया गया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। उचाना थाना पुलिस ने सुसाइड नोट को आधार मानकर मृतक के बेटे की शिकायत पर 11 लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया।

जहरीला पदार्थ निगलकर की आत्महत्या

गांव सुरबूरा निवासी पशु व्यापारी फूलकुमार ने गत पांच मार्च को देर शाम को अपने घर मे जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालात खराब होने पर परिजन उसे हिसार के निजी अस्पताल ले गए। जहां पर गत दिवस उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक द्वारा सुसाइड नोट छोड़ा गया है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव तथा सुसाइड नोट को कब्जे में लिया। सुसाइड नोट में लिखा था कि वह इलाके से भैंस खरीद कर आगे बेच देता था। गांव दनौदा कलां निवासी मनोज खरीदी गई भैंसों को भोपाल लेकर जाता था। भोपाल निवासी मुन्ना की तरफ 68 लाख, यूनिस की तरफ 22 लाख, भोलू व पपौला की तरफ 13 लाख, पप्पू तेली 11 लाख, काला डॉक्टर 10 लाख 40 हजार, भोला की तरफ सात लाख, कासिम की तरफ 9.23 लाख, संतोष खजुरिया की तरफ 8.70 लाख रुपए की राशि पिछले एक साल से बकाया थी। जिनसे उसने भैंस खरीदी थी। वे रुपयों के लिए दबाव बना रहे थे। जिन पशु व्यापारियों को भैंस बेची थी, वे रुपये नहीं दे रहे थे। जिसके चलते वह आत्महत्या कर रहा है। उसकी मौत के लिए 11 लोग जिम्मेवार हैं।

बेटे की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया केस

मृतक के बेटे विकास ने पुलिस को बताया कि भोपाल के पशु व्यापारियों की तरफ लगभग डेढ़ करोड़ से ज्यादा की राशि बकाया है। लोग दबाव बना रहे थे। उन्होंने अपनी जमीन बेच कर कुछ लोगों की राशि भी चुकाई। राशि अटकने के चलते उसके पिता ने परेशान होकर आत्महत्या की है। उचाना थाना पुलिस ने मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट को आधार मान मृतक के बेटे की शिकायत पर गांव दनौदा निवासी राजा, भोपाल निवासी मुन्ना, पप्पु तेली, मनोज, पपौला, यूनिस, काला डाक्टर भोला, कासिम, संतोष, के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उचाना थाना के जांच अधिकारी राजेंद्र ने बताया कि मृतक पशु व्यापारी ने सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें 11 लोगों को जिम्मेवार ठहराया गया है। मृतक के बेटे की शिकायत पर फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

5379487