जींद। शहर थाना सफीदों पुलिस ने निवेशकों के साथ लगभग 12 करोड़ की धोखाधड़ी करने वाली कंपनी के सीईओ और उसकी मैनेजर पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कंपनी ने 40 दिन में पैसे डबल करने का झांसा दिया था। इसके बाद करीब 1500 लोगों ने 12 करोड़ रुपये से ज्यादा निवेश किया। कंपनी ने डबल करना तो दूर मूल रकम भी वापस नहीं की।
बड़े-बड़े सेमिनारों से झांसे में आए लोग
सफीदों के वार्ड दो निवासी नवीन व अन्य निवेशकों ने नौ अक्टूबर 2024 को पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि अप्रैल 2022 में उसका संपर्क जीएफएक्स एकेडमी प्राइवेट लिमिटिड के एमडी रिंकू ढांडा, उसकी सीएमडी पत्नी सोनिया, कंपनी के सीईओ निर्दोष तथा उसकी मैनेजर पत्नी अंजलि से हुआ। आरोपियों ने बताया कि उनकी कंपनी 40 दिन में निवेश राशि का दोगुना कर देती है। आरोपितों ने बड़े-बड़े सेमिनार किए, जिनसे निवेशक प्रभावित हो गए।
कुछ माह तक देते थे पैसा, अब किया बंद
पीड़ितों ने बताया कि उन्होंने झांसे में आकर अपने जानकारों तथा रिश्तेदारों समेत 1500 लोगों को जोड़कर लगभग साढ़े 12 करोड़ का निवेश कंपनी में कर लिया। कुछ माह लोगों के खातों में राशि आती रही। इसके बाद राशि आनी बंद हो गई। जब उन्होंने कंपनी के मालिकों से पूछा तो महीना दर महीना उन्हें टरकाते रहे।
चार पर केस दर्ज किया, दो काबू
शिकायत में बताया कि उसके समेत अन्य जानकार निवेशकों के 12 करोड़ रुपये आरोपितों में फंस गए। काफी कोशिश के बाद भी आरोपितों ने उनकी निवेश राशि को नहीं लौटाया। शहर थाना सफीदों पुलिस ने नवीन व अन्य निवेशकों की शिकायत पर निवेश कंपनी के रिंकू ढांडा, सोनिया, निर्दोष कुमार, उसकी पत्नी अंजलि के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कंपनी के सीईओ निर्दोष और उसकी मैनेजर पत्नी अंजलि को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है।