Logo
हरियाणा के यमुनानगर में एक युवक से क्रोएशिया भेजकर काम दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी की गई। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

Yamunanagar: गांव काजीबास निवासी रविंद्र सिंह से क्रोएशिया भेजकर कंपनी में काम दिलवाने का झांसा देकर आरोपी ने आठ लाख 75 हजार रुपए की ठगी की। पीड़ित ने आरोप सबीर ओवरसीस प्वाइंट के संचालक शोरभ शर्मा पर लगाया। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

क्रोएशिया में काम दिलवाने का दिया झांसा

जानकारी अनुसार रविंद्र सिंह ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि वह विदेश जाना चाहता था। उसे पता चला कि सबीर ओवरसीस प्वाइंट के संचालक शोरभ शर्मा लोगों को कंपनी के माध्यम से क्रोएशिया भेजकर काम दिलवाने का काम करता है। इसके बाद वह नवंबर 2022 में आरोपी से मिला। आरोपी ने उसे बताया कि वह उसे कंपनी के माध्यम से क्रोएशिया भेज देगा। टिकट का खर्चा उसे खुद करना होगा। आरोपी ने उससे आठ लाख 75 हजार रुपए, पासपोर्ट व अन्य दस्तावेज ले लिए। इसके बाद आरोपी 31 अगस्त 2023 को वह दिल्ली एयरपोर्ट से क्रोएशिया पहुंच गया, मगर वहां उसे कंपनी का कोई भी कर्मचारी लेने नहीं आया।

रोजगार दिलाने की बात की तो आरोपी ने इनकार कर दिया

पीड़ित ने बताया कि वह क्रोएशिया पहुंचकर आरोपी के कहने पर एक होटल में रूका। जब उसने आरोपी से रोजगार की बात की तो आरोपी तैश में आ गया। आरोपी ने उसे कहा कि वह खुद काम देख ले। काम दिलवाने में वह उसकी मदद नहीं कर सकता। रोजगार न मिलने पर वह क्रोएशिया से वापस भारत आ गया। उसने आरोपी से बात की तो उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। परेशान होकर उसने आरोपी से पैसे वापस मांगे तो उसने पैसे देने से मना कर दिया। परेशान होकर उसने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

5379487