Logo
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में आने वाले दिनों में विकास के एक लाख कार्य और होने वाले हैं। अगले 6 माह में 60 हजार नौकरियां दी जाएंगी। स्वराेजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है।

Karnal: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में आने वाले दिनों में विकास के एक लाख कार्य और होने वाले हैं। इन्हें जब पोर्टल पर डालते हैं तो कार्य करने के लिए ठेकेदार नहीं मिलते। काम ज्यादा हो गए, ठेकेदार कम हैं। यूनिवर्सिटी से बात करके सिविल इंजीनियरिंग पास करने वाले 15 हजार युवाओं को ट्रेनिंग देकर अच्छे ठेकेदार तैयार किए जाएंगे। इससे विकास कार्यों में तेजी आएगी। सीएम वार्ड एक की बसंत विहार कॉलोनी में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।

अप्रैल में शुरू किया गया था जनसंवाद कार्यक्रम

सीएम मनाहर लाल ने बताया कि जनसंवाद कार्यक्रम अप्रैल में शुरू किया गया था। उन्होंने खुद 115 कार्यक्रम कवर किए। 30 नवंबर से विकसित भारत संकल्प यात्रा आरंभ हुई। प्रदेश में यात्रा के 80 प्रतिशत कार्यक्रम पूरे हो चुके हैं। वार्ड एक में 116 करोड़ और करनाल शहर के विभिन्न वार्डों में 2 हजार करोड़ से अधिक के विकास कार्य कराए जा चुके हैं। विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से दी जा रही सेवाओं के मामले में हरियाणा देश में नंबर एक पर है। यात्रा के दौरान पात्र लोगों के बीपीएल कार्ड, पेंशन, गैस कनेक्शन, आयुष्मान कार्ड मौके पर ही बनाए जा रहे हैं। हरियाणा में गरीबी की आय सीमा को 1.20 लाख रुपए से बढ़ाकर 1.80 लाख रुपए सालाना किया जा चुका है। आय सीमा बढ़ाने से प्रदेश में बीपीएल परिवारों की संख्या 29 लाख से बढ़कर 44 लाख हो गई है।

आगामी छह माह में  दी जाएंगी 60 हजार नौकरियां

सीएम मनोहर लाल ने कहा कि आगामी 6 महीनों में प्रदेश में 60 हजार युवाओं को नौकरियां दी जाएंगी। स्वरोजगार व प्राइवेट नौकरियों में सहायता करने के साथ-साथ सरकार युवाओं को रोजगार के लिए विदेश भेजने में भी सहयोग कर रही है। विदेश जाने के इच्छुक 15 हजार युवाओं को रोहतक में कार्य में दक्ष (स्किलिंग) किया जा रहा है। इन्हें पासपोर्ट और वीजा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार के पास 25 हजार स्किल्ड युवाओं की मांग आई है। कुछ युवक विदेश जाने के लिए डोंकी रूट चुन रहे हैं जो गलत है। युवाओं को सही रूट से ही विदेश जाना चाहिए।

गांवों में महिलाओं के गठित किए स्वयं सहायता समूह

सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत लोगों को 50 हजार से 2 लाख रुपए का ऋण दिलाया जा रहा है। गांवों में महिलाओं के स्वयं सहायता समूह गठित किए गए हैं जो सिलाई, कढ़ाई, बुनाई जैसे छोटे कार्य करके 10 से 15 हजार रुपए महीना कमा रही हैं। दुनिया में 2021 में गरीबी का एक सर्वे हुआ था जिससे पता चला कि भारत में 13 प्रतिशत लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं। विकसित भारत संकल्प यात्रा का उद्देश्य यही है कि हर नागरिक यह संकल्प ले कि 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बने। अभी विश्व में 37 देश ही विकसित हैं। सरकार का प्रयास है कि हर परिवार आर्थिक रूप से मजबूत बने।

5379487