Logo
हरियाणा के रोहतक में भाजपा चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक सीएम नायब सैनी की अध्यक्षता में हुई। बैठक के दौरान सीएम ने सभी सदस्यों को चुनावों में जुट जाने के निर्देश दिए। साथ ही हर वोटर तक पहुंचने का आह्वान किया।

Rohtak: भाजपा की चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक बुधवार को रोहतक के नए प्रदेश कार्यालय मंगल कमल में हुई, जिसमें हर वोटर से संपर्क करने का स्पष्ट संदेश दिया गया। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि कार्यकर्ताओं को एक-एक वोटर तक पहुंचना है। ऐसा कोई व्यक्ति छूटना नहीं चाहिए, जिससे भाजपा के कार्यकर्ता ने संपर्क ना किया हो। बैठक में चुनाव प्रबंधन से जुड़े संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई, साथ ही लोकसभा, विधानसभा के अलावा बूथ स्तर पर चुनाव जीतने के फार्मूला पर मंथन किया गया। बैठक में मुख्य रूप से पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल, चुनाव सह प्रभारी सुरेंद्र नागर, चुनाव प्रबंधन समिति हरियाणा के संयोजक सुभाष बराला, संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा मौजूद रहे।

भाजपा कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ की हड्डी

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ की हड्डी है। कार्यकर्ता बड़ी मजबूती से लोकसभा चुनाव को ऐतिहासिक बनाते हुए दस की दस सीटें बड़े मार्जिन से जिताने का काम करेंगे। 25 मई तक दिन-रात काम करना है। कार्यकर्ताओं की निष्ठा और समर्पण भाव व जनता-जनार्दन के आशीर्वाद से सभी सीटों पर जीत निश्चित है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार सरकार बनाकर भाजपा भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ाना है। डबल इंजन सरकार ने प्रदेश में खुशहाली लाकर एक सकारात्मक वातावरण तैयार किया, ताकि हरियाणा विकसित होने की राह पर तेजी से आगे बढ़ सके। जनता को घर बैठे योजनाबद्ध तरीके से इन 10 सालों में लाभ पहुंचाया गया। बैठक इन दस सालों में हुए कामों के मैनेजमेंट को लेकर पदाधिकारियों से हुई है।

चुनाव में भाजपा के लिए नहीं कोई चुनौती

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि चुनाव में भाजपा के लिए कोई चुनौती नहीं है। कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान हुए भ्रष्टाचार को जनता भूली नहीं है। जनता को मालूम है कि कांग्रेस राज में कैसे तीन-तीन दिनों तक लाइनों में खड़े रहने के बाद गैस का सिलेंडर मिलता था। कांग्रेस ने लंबे समय तक शासन किया, लेकिन गरीब लोगों को गैस सिलेंडर तक नहीं दे पाई। कांग्रेस की सरकारों में भ्रष्टाचार की गति तेज हुई है, जबकि मोदी सरकार में विकास की गति बढ़ी है। मोदी सरकार में गरीब महिलाओं को मुफ्त गैस सिलेंडर मिले हैं और धूआं से मुक्ति मिली है। कांग्रेस के समय में वृद्ध व्यक्ति अपनी पेंशन के लिए भटकता रहता था। भ्रष्टाचार के चलते पेंशन बनवाने में काफी दिक्कतें आती थी। भाजपा सरकार में अब चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। पूर्व गृहमंत्री अनिल विज की नाराजगी पर सीएम ने कहा कि अनिल विज हमारे वरिष्ठ नेता हैं और उनकी कोई नाराजगी नहीं है।

5379487