Logo
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हांसी में एक बार फिर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की सोच बेटे को मुख्यमंत्री बनाने की रही है और भाजपा की कार्यकर्ता को। कांग्रेस केवल वोट पाने के लिए बड़ी बात कहती है और मोदी विकसित देश बनाने का संकल्प लेकर जनता का दिल जीता है

हिसार। प्रदेश के मुख्यमंत्री की कमान संभालने के बाद पहली बार हांसी पहुंचे नायब सैनी ने विजय संकल्प रैली के मंच से कांग्रेस पर एक बार फिर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने जो कहा, अपने 10 साल के शासनकाल में उसे करके दिखाया। जबकि कांग्रेस आजादी से अब तक सत्ता हासिल करने के लिए बड़ी बड़ी बातें कहती रही है। जिस कारण कांग्रेस देश की जनता का विश्वास खो चुकी है तथा मोदी की गांरटी से विपक्ष में इतना खौफ है कि कांग्रेस शासनकाल के दौरान मुख्यमंत्री रहे नेता भी चुनाव लड़ने में हिचक रहे हैं। मुख्यमंत्री ने हिसार लोकसभा सीट से भाजपा के लोकसभा उम्मीदवार रणजीत सिंह चौटाला के पक्ष में मतदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि रणजीत चौटाला मोदी के सिपाही बनकर आपके बीच में जनता का आशीर्वाद लेने के लिए आए हैं, ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने में हिसार के प्रतिनिधि बनकर अपना योगदान दे सकें।

हांसी पहली बार आए सीएम नायब सैनी

उन्होंने कहा कि प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद हांसी में उनका पहली बार आगमन हुआ है। कांग्रेस में मुख्यमंत्री बनने के लिए सोचना पड़ता है, क्योंकि कांग्रेस की सोच बाप के बाद बेटे को मुख्यमंत्री बनाने की है, जबकि भाजपा की सोच एक जमीन से जुड़े कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री बनाने की। भाजपा की इसी सोच के कारण आज मैं आपके बीच में खड़ा हूं तथा मनोहर लाल ने स्वयं आगे बढ़कर इसके लिए मुझे आशीर्वाद दिया है। प्रधानमंत्री मोदी विश्व के सबसे लोकप्रिय व जमीन से जुड़े हुए व्यक्ति है, जिन्होंने प्रधानमंत्री के रूप में आमजन की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए वह काम किए हैं, जिनके बारे में पहले कभी कोई सोच भी नहीं सकता था। भारत को विश्व की पांच बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल कर मोदी ने अब विकसित भारत का संकल्प लिया है, जिसे पूरा करने में हरियाणा का अहम योगदान रहेगा तथा हमें प्रदेश की सभी 10 लोकसभा सीटों पर कमल खिलाकर मोदी के संकल्प को मजबूती देनी है।

देश की जनता कभी नहीं भूल सकती कांग्रेस का चरित्र 

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस का चरित्र देश की जनता कभी नहीं भूला सकती। जिसने सत्ता के लिए हमेशा देश व समाज को बांटने का प्रयास किया। देश में वंशवाद व भ्रष्टाचार की जननी कांग्रेस ही रही है, जिसनें हमेशा देश की बजाय हमेशा अपने परिवार व निजी स्वार्थों को प्राथमिकता दी। 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना साकार करने के लिए मोदी को तीसरी बार देश की बागडोर सौंपनी हरियाणा के मतदाता विकसित भारत के संकल्प में अपना भागीदारी सुनिश्चित करने का मन बना चुके हैं।;

5379487