Logo
हरियाणा में शुक्रवार को रात्रि में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से सम्पूर्ण इलाके में मौसम में बदलाव व 15-20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी अंधड़, बादलवाही व हल्की बारिश, बूंदाबांदी ने भीषण गर्मी के तेवरों को शनिवार कुछ ढीला कर दिया।

Haryana: रिकॉर्ड तोड़ भीषण आग उगलने वाली गर्मी व गंभीर हीट वेव से पूरा प्रदेश झुलस रहा था। वहीं सम्पूर्ण इलाके में तापमान में लगातार उछाल देखने को मिल रहा था। शुक्रवार को रात्रि में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से सम्पूर्ण इलाके में मौसम में बदलाव व 15-20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी अंधड़, बादलवाही व हल्की बारिश, बूंदाबांदी ने भीषण गर्मी के तेवरों को शनिवार कुछ ढीला कर दिया। वहीं नौतपा के आठवां दिन में सम्पूर्ण इलाके में बढ़ते तापमान पर अंधड़ व बादलवाही ने नकेल डाली, लेकिन गर्मी से ज्यादा राहत नहीं मिली।

बूंदाबांदी व बादलवाही से तापमान में आई गिरावट

बता दें कि काफी दिनों से नागरिक भीषण गर्मी से परेशान थे, लेकिन शनिवार को बूंदाबांदी व बादलवाही के चलते दिन के तापमान में गिरावट आई। जिससे लोगों को भीषण गर्मी से आंशिक राहत मिली। शनिवार को हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर दिन का तापमान 41 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। वहीं हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर रात्रि तापमान 24 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। मौसम प्रणाली पश्चिमी विक्षोभ का असर साफ तौर पर देखने को मिला। प्रदेश के कई क्षेत्रों में 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तेज गति से हवाएं चली व बादलों की आवाजाही बनी रही। साथ ही बिखराव वाली हल्की बूंदाबांदी ने आमजन को भीषण आग उगलने वाली गर्मी और गंभीर हीट वेव से राहत दिलाई।

हरियाणा एनसीआर दिल्ली में कल भी देखने को मिलेगा असर

मौसम परिवर्तन का रविवार को भी हरियाणा एनसीआर दिल्ली में असर देखने को मिलेगा, जबकि तीन-चार जून को हरियाणा के उत्तरी जिलों पर असर देखने को मिलेगा। इसलिए भारतीय मौसम विभाग ने सम्पूर्ण इलाके पर येलो अलर्ट जारी कर दिया है। इसके बाद पांच-छह जून तक तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज नहीं होगी। इसके बाद सम्पूर्ण इलाके में एक बार फिर से तापमान में बढ़ोतरी व भीषण गर्मी और लू अपने रंग दिखाने लगेगी।

जून महीने में चार-पांच पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि जून महीने में गर्मी अपने प्रचंड तेवरों से आगाज करेगी। जून महीने में तापमान पहले पखवाड़े में तो बढ़ेगा, लेकिन दूसरे पखवाड़े में तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा। जून महीने में करीब चार से पांच पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे। जिसके प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। महीने के अंत में हरियाणा एनसीआर दिल्ली में मानसून की धमाकेदार शुरूआत होगी। वहीं जुलाई, अगस्त व सितंबर महीने में इस साल अच्छा मानसून रहेगा। हालांकि मानसून केरल पहुंच गया हैं, लेकिन अगले 15 दिन इसकी बढ़त बहुत धीमी रहेगी। ऐसे में तेज गर्मी व उच्च नमी की स्थिति बनेगी।

5379487