Logo
हरियाणा के बिजली वितरण निगम फतेहाबाद सर्कल को फील्ड व सब स्टेशनों में काम करने के लिए 160 कर्मचारी मिले है। साथ ही 43 एएलएम को पदोन्नत कर एलएम बनाया गया है। नए कर्मचारियों की भर्ती से विभाग में चल रही कमी को दूर किया गया है।

Fatehabad: दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम फतेहाबाद सर्कल को फील्ड व सब स्टेशनों में काम करने के लिए 160 कर्मचारियों का नया स्टाफ मिला है। इसके अलावा 43 कर्मचारियों को एएलएम से पदोन्नत कर एलएम बनाया गया है। निगम की बरसों पुरानी मांग थी कि निगम में स्टाफ की कमी के चलते उपभोक्ताओं की शिकायतों का समय पर समाधान नहीं हो पाता। खासकर गर्मी व मानसून के सीजन में उपभोक्ताओं को घंटों समस्या के समाधान के लिए कर्मचारियों का इंतजार करना पड़ता था।

132केवी कार्यालय में कर्मचारियों का था टोटा

दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के भट्टू रोड स्थित शहरी कार्यालय 33 केवी सब स्टेशन व भट्टू रोड स्थित 132 केवी कार्यालय में पिछले कई सालों से कर्मचारियों की कमी थी। इसके अलावा फतेहाबाद सर्कल के 33केवी के 62 सब स्टेशनों में भी कर्मचारियों की किल्लत थी। इस कारण रूरल एरिया में भी कृषि व घरेलू उपभोक्ताओं को सीजन के समय काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। कर्मचारियों की कमी के कारण उपभोक्ताओं की शिकायत का समय पर निपटान नहीं हो पाता था। हालात यह थे कि एक सब स्टेशन पर एक व शहरी सब स्टेशन पर 3 ही लाइनमैन काम कर रहे थे। गर्मी के सीजन में घरेलू लोड काफी बढ़ जाता है। यही समय खरीफ फसल की बिजाई का भी होता है। तब किसानों को खेतों की सिंचाई के लिए पानी चाहिए होता है। ऐसे में बिजली के फीडर में फाल्ट आ जाए या सब स्टेशन में कोई केबल जल जाए या ओवरलोडिंग की समस्या हो, कर्मचारियों के टोटे के कारण लोगों को घंटों परेशानियों से जूझना पड़ता था।

फतेहाबाद में 160 कर्मचारियों की हुई स्थाई नियुक्ति

कर्मचारियों की कमी को लेकर निगम के अधिकारी डीएचबीवीएन के हिसार स्थित एसई कार्यालय को इस बारे बार-बार पत्र लिख रहे थे। अब डीएचबीवीएन ने हरियाणा स्टाफ सेलेक्शन कमीशन के माध्यम से भर्ती किए गए कर्मचारियों को यहां भेजा है। इनमें 70 शिफ्ट अटेंडेंट व 90 सहायक लाइनमैन की रेगुलर नियुक्ति की है। फतेहाबाद में इनकी ट्रेनिंग पूरी होते ही इन्हें इनकी ड्यूटी सौंप दी गई है।

अब एसए की संख्या बढ़कर 167 तो लाइनमैनों की संख्या 186 हुई

फतेहाबाद सर्कल में टोहाना व फतेहाबाद डिवीजन आते हैं। फतेहाबाद डिवीजन में फतेहाबाद, भट्टूकलां, बड़ोपल, रतिया व उकलाना उपमंडल पड़ते हैं। टोहाना डिवीजन में टोहाना, जाखल, कुलां व भूना आते हैं। अब तक फतेहाबाद की दोनों डिवीजनों में 97 शिफ्ट अटेंडेंट व 96 सहायक लाइनमैन काम कर रहे हैं। अब शिफ्ट अटेंडेंट की संख्या बढ़कर 167 व सहायक लाइनमैन की संख्या बढ़कर 186 हो गई है।

43 एएलएम पदोन्नत होकर बने एलएम

फतेहाबाद सर्कल के अधीन आने वाले टोहाना व फतेहाबाद डिवीजन में 43 एएलएम को पदोन्नत कर लाइनमैन बनाया गया है। अब यह सभी लाइनमैन फील्ड के साथ-साथ कार्यालय में भी फाइलों का कामकाज कर सकेंगे। इससे पहले से काम कर रहे कर्मचारियों पर काम का प्रैशर कम होगा और वे बेहतर गुणवत्ता के साथ अपनी सेवाएं दे पाएंगे।

शिकायत केन्द्र में नहीं उठाया जाता है उपभोक्ताओं का फोन

फतेहाबाद के 33केवी सब स्टेशन के अंदर मौजूद उपभोक्ता शिकायत केन्द्र में कभी भी समय पर फोन नहीं उठाया जाता। दरअसल यहां कभी तो टेम्परेरी बेस पर कर्मचारी को लगाया जाता है तो कभी पूर्व सैनिक को। ओवरलोड होने पर शहरी उपभोक्ता यहां फोन करते हैं तो यह कर्मचारी फोन ही नहीं उठाते। अगर उठाते हैं तो उपभोक्ता से बेहूदा व्यवहार करते हैं। लोगों की मांग है कि इन कर्मचारियों की जगह नए भर्ती किए गए रेगुलर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए।

कर्मचारियों की कमी हुई पूरी

डीएचबीवीएन के कार्यकारी अभियंता संदीप मेहता ने बताया कि पिछले काफी समय से निगम में कर्मचारियों की किल्लत थी। इस बारे हमने एसई हिसार को लिखा। पिछले दिनों फतेहाबाद सर्कल में 70 एसए व 90 एएलएम रेगुलर कर्मचारी भेजे गए हैं। इनकी फील्ड में ड्यूटी लगा दी गई है। अब पीक समय में व मानसून के सीजन में उपभोक्ताओं की समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाएगा।

5379487