Logo
हरियाणा के सोनीपत की स्वास्थ्य विभाग टीम ने बागपत में छापेमारी करते हुए भ्रूण जांच केंद्र का भंडाफोड़ किया। टीम ने बुटीक के अंदर जांच करने वाले दो लोगों को काबू किया। साथ ही पुलिस को शिकायत दी। पुलिस मामले में जांच कर रही है।

Sonipat: जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा बेटियों को कोख में बचाने के लिए दिन-रात मेहनत की जा रही है। विभाग की पीएनडीटी टीम ने बागपत में छापेमारी करते हुए भ्रूण जांच केंद्र का भंडाफोड़ किया। टीम ने छापेमारी में पाया कि उत्तर प्रदेश के बागपत में स्थित एक बुटीक के अंदर भ्रूण लिंग जांच का अवैध धंधा चल रहा था। टीम ने बुटीक संचालक फरमान और मुनेश नाम की महिला को रंगे हाथों पकड़ा। टीम ने महिला और शख्स को पुलिस के हवाले कर शिकायत दी। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

बुटीक के अंदर चल रहा लिंग जांच का धंधा

मिली जानकारी के अनुसार बुटीक सेंटर के अंदर अवैध तरीके से भ्रूण लिंग जांच का कारोबार चल रहा था। जिला पीएनटी अधिकारी सुमित कौशिक को गुप्त सूचना मिली थी कि बुटीक सेंटर के अंदर भ्रूण लिंग जांच की जाती है। जिला सिविल सर्जन डॉ. जय किशोर के निर्देश अनुसार डॉ. सुमित कौशिक ने एक टीम का गठन किया, जिसमें डॉ. जितेंद्र, डॉ. दीपक, मनोज और रितिक को शामिल किया। उन्होंने एक गर्भवती महिला को डिकॉय ग्राहक बनाकर गर्भ में पल रहे बच्चे की जांच करवाने के लिए भेजा। महिला ने मुनेश नाम की महिला से संपर्क किया और 15 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। इसके बाद मुनेश नाम की महिला गर्भवती महिला को ट्रेंडस द ब्रांड नाम के बुटीक सेंटर पर लेकर पहुंची और उसके बाद बुटीक के अंदर ही बनाए गए एक कमरे में पोर्टेबल लिंग जांच मशीन की सहायता से जांच कर लड़का होने की बात कही।

इशारा मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मारा छापा

डिकॉय ग्राहक का इशारा मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी करते हुए बुटीक संचालक फरमान व मुनेश को काबू कर लिया। टीम ने महिला के पास से 7500 रुपए की राशि व आरोपित फरमान के पास से 7500 रुपए की राशि बरामद की। आरोपितों के खिलाफ बागपत थाना पुलिस को शिकायत दी गई। पीएनडीटी अधिकारी डॉ. सुमित कौशिक ने बताया कि भ्रूण जांच करने की शिकायत मिल रही थी। टीम ने डिकॉय ग्राहक बनाकर छापेमारी की। जिसमें आरोपितों को रंगे हाथों को काबू कर पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस आगामी कार्यवाही अमल में ला रही है।

5379487