Logo
फतेहाबाद में दिल्ली कूच के लिए भारी संख्या में किसान ट्रैक्टर ट्रालियों में निकल पड़े। अजीतसर गुरुद्वारे के पास पुलिस ने किसानों को रोक लिया और जिसके बाद किसान फतेहाबाद रवाना हो गए।

Fatehabad: शहर के फतेहाबाद रोड स्थित गुरूद्वारा अजीतसर से मंगलवार दोपहर को भारतीय किसान यूनियन खेती बचाओ के जिला अध्यक्ष राजेंद्र चहल की अगुवाई में भारी संख्या में किसान ट्रैक्टर ट्रालियों, निजी वाहनों व बाइक पर सवार होकर दिल्ली के लिए निकल पड़े। किसान अभी अजीतसर गुरुद्वारे के बाहर फतेहाबाद रोड पर पहुंचे ही थे कि पुलिस टीम ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया, लेकिन किसानों की ज्यादा संख्या को देखते हुए पुलिस टीम उन्हें रोकने में असफल रही। इसके बाद किसानों का जत्था फतेहाबाद रवाना हो गया।

सड़क को तोड़कर खोदी हुई है गहरी खाई

अयाल्की के सेम नाले पर पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए पुख्ता प्रबंध करते हुए सोमवार शाम को ही यहां पर सीमेंटिड ब्लॉक्स, तारें, सरिए आदि रखवा दिए थे। साथ ही पैरामिलिट्री की फोर्स को बुलाया गया था। मंगलवार को प्रशासन ने इस जगह पर सड़क को भी उखाड़कर गहरी खाई खोद दी। सेम नाला होने के कारण किसान अन्य किसी तरीके से अपने ट्रैक्टर या वाहन नहीं निकाल सकते हैं। पैरा मिलिट्री की फोर्स भी यहां पर तैनात कर दी गई है, जिसके चलते किसानों के आगे जाने का रास्ता बंद हो गया। गांव अयाल्की के पास किसानों का जत्था पहुंचा तो डीएसपी जगदीश काजला की अगुवाई में तैनात भारी पुलिस फोर्स ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया।

किसानों को अयाल्की के पास एकत्रित होने का किसानों का दिया संदेश

भारतीय किसान यूनियन खेती बचाओ के प्रदेश अध्यक्ष जरनैल सिंह मलवाला ने किसानों को वर्चुअल संबोधित करते हुए प्रशासन को चेतावनी दी कि वह गांव-गांव मुनियादी करवा कर किसानों को अयाल्की के पास एकजुट करवा रहे हैं। अगर बुधवार सुबह 10 बजे तक पुलिस प्रशासन ने उन्हें आगे नहीं जाने दिया तो यहां हजारों की संख्या में ट्रैक्टर और किसानों को एकत्रित कर यहां पर बैरिकेड को तोड़कर आगे बढ़ेंगे। उन्होंने प्रशासन को चेताया कि पुलिस प्रशासन गांव में जाकर उनके संगठन के किसानों को परेशान करना बंद करें, नहीं तो अधिकारियों को गांव में ही बंधक बनाने को किसान मजबूर होंगे। वह वार्ता के लिए चंडीगढ़ गए हुए थे तथा बुधवार सुबह तक वापस आकर किसानों के साथ अयाल्की से दिल्ली कूच करेंगे।

म्योंद कलां चौकी में दिनभर चला चाय-पकौड़े व दोपहर का लंगर

म्योंद कलां चौकी के पास भाखड़ा नहर नाके पर की गई सात लेयर की सुरक्षा पर मंगलवार को बड़े अधिकारी डीएमसी संजय बिश्नोई, टोहाना के डीएसपी शेर सिंह व सिंचाई विभाग के एक्सीइन मनदीप बैनीवाल पुल पर ही डेरा डाले हुए थे। साथ ही चौकी पर पुलिस प्रशासन ने चाय-पकौड़े का बंदोबस्त कर रखा था, जबकि दोपहर को वहां लंगर भी चलाया गया। मौके पर मौजूद डीएमसी संजय बिश्नोई का कहना था कि किसान इस रूट से ना आकर हाइवे को प्राथमिकता देंगे। हालांकि जिला प्रशासन ने हर बार्डर पर भारी बंदोबस्त कर रखे हैं। साढ़े 5 टन का एक बैरिकेट है। ऐसे 20 बेरिकेटस यहां लगाए गए हैं। साथ में लोहे के बेरिकेट्स, लोहे की कीलों वाले फर्श, ईंटों से भरे बड़े कंटेनर के साथ वाटर केनन व आंसू गैस की गाड़ियां तैनात हैं।

रतिया-फतेहाबाद का सीधा सम्पर्क कटा, लिंक रोड बने मुसीबत

किसानों को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा फतेहाबाद-रतिया रोड पर रंगोई नाला पुल को सीमेंटिड बेरिकेटस लगाकर ब्लॉक कर दिया है। इसके बाद रतिया और फतेहाबाद का सीधा सम्पर्क कट गया है। फतेहाबाद-रतिया आने-जाने के लिए लोग अब लिंक मार्गों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके अलावा जाखल से फतेहाबाद जाने के लिए जिला मुख्यालय को जाने वाला मुख्य मार्ग पर बंद होने के कारण आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जाखल से टोहाना व भुना-फतेहाबाद जाने के लिए मुख्य सड़क बंद होने के चलते अब उन्हें जाखल खंड के गांवों से होते हुए जाना पड़ता है। वही लिंक रोड होने के कारण आमजन को इस सड़क से बड़ी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

5379487