Logo
हरियाणा के जींद में कंपनी में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर युवक से 62 लाख 54 हजार रुपए हड़प लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही है।

Jind: कंपनी में निवेश करने पर मोटे मुनाफे का झांसा देकर लगभग 62 लाख 54 हजार रुपए हड़प लिए। सिक्योरिटी के तौर पर दिए गए चैक पर भी हस्ताक्षर फर्जी किए गए। जब आरोपितों से राशि वापस मांगी तो उसे बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही है।

झूठे कागजात दिखाकर झांसे में लिया पीड़ित

गांव खरैंटी निवासी दीपक ने बताया कि फरवरी 2021 में उसका संपर्क आपकी उडान कंपनी चलाने वाले गांव राजपुरा भैण निवासी अशोक तथा गांव ढांडी छिल्लर चरखी-दादरी निवासी दिनेश से हुआ। दोनों ने अपनी कंपनी का गोहाना रोड पर कार्यक्रम किया था। कंपनी मसाले तथा हर्बल प्रोडक्ट बनाती है। कंपनी मलकियत के कागजात दिखा कर उसे विश्वास में लिया गया। साथ ही बताया कि कंपनी में निवेश करने पर कई गुणा मुनाफा होगा। जिस पर उसने छह लाख 53 हजार का निवेश 27 फरवरी 2021 को किया। इसके बाद आरोपितों ने उसके खाते में कुछ राशि डाल कर लालच देते रहे। फिर कंपनी में ग्रोथ बताकर उसकी और राशि का निवेश कंपनी में करवा लिया। इस प्रकार उसने कंपनी में 62 लाख 53,800 रुपए का निवेश कर दिया। विश्वास जताने के लिए आरोपितों ने उसे 50 लाख रुपए की परनोट भी दिए। इसके अलावा दो चेक भी उसे सिक्योरिटी के तौर पर दिए, जिसके बाद उसने कुछ समय के बाद निवेश राशि को वापस मांगा तो कुछ दिन इंतजार करने के लिए कहा गया।

पैसे वापस मांगने आरोपियों के पास गया तो मिली धमकी

पीड़ित दीपक ने बताया कि कंपनी में निवेश करने के बाद लंबा समय बीत गया, लेकिन राशि वापस नहीं मिली। दो साल के बाद वह आरोपितों के अर्बन एस्टेट स्थित कार्यालय में गया तो उसके साथ गाली गलौज की गई और बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। जब उसने सिक्योरिटी चेक को बैंक में लगाया तो हस्ताक्षर मिस मैच पाए गए। सिविल लाइन थाना पुलिस ने दीपक की शिकायत पर कंपनी संचालक अशोक तथा दिनेश के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में ख्यानात, धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी विरेंद्र सिंह ने बताया कि कंपनी में निवेश करने पर मुनाफे का झांसा देकर राशि हड़पने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी गई थी। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

5379487