Logo
हरियाणा के यमुनानगर में एक किशोरी के साथ 4 माह पूर्व सामूहिक दुष्कर्म किया गया। चार माह की गर्भवती होने पर दुष्कर्म का पता चला। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही है।

Yamunanagar: जगाधरी की एक कॉलोनी में आंखों से कम दिखाई देने वाली किशोरी के साथ दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया, जिससे वह चार माह की गर्भवती हो गई। जब किशोरी को उल्टियां लगने की शिकायत हुई तो परिजन उसे सिविल अस्पताल लेकर गए। डॉक्टरों द्वारा किशोरी का अल्ट्रासाउंड करने पर वह चार माह की गर्भवती मिली। पुलिस ने किशोरी के परिजनों की शिकायत पर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया। किशोरी अभी अस्पताल में उपचाराधीन है। इस केस को सीडब्ल्यूसी के पास भेजा गया। किशोरी का अबार्शन किया जाएगा।

उल्टियां लगी तो करवाया अल्ट्रासाउंड

जानकारी अनुसार जगाधरी की एक कॉलोनी निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी 15 वर्षीय बेटी को आंखों से कम दिखाई देता है। उसकी लड़की कई दिन से उल्टियां कर रही थी। पहले उसे आसपास के ही चिकित्सकों से दवाई दिलवाई, लेकिन कोई आराम नहीं हुआ। वह उसे मुकंद लाल नागरिक अस्पताल में लेकर गई, जहां पर डॉक्टरों ने उसकी लड़की की जांच करने के बाद अल्ट्रासाउंड करवाया। इसमें उसकी लड़की करीब चार माह की गर्भवती मिली। जब उसकी मां ने किशोरी से पूछा तो उसने बताया कि करीब चार महीने पहले दुकान पर किताब लेने के लिए गई थी। इसी दौरान दो युवक उसे जबरदस्ती उठाकर ले गए, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। उसे नहीं पता कि उसके साथ क्या हुआ। न ही उसे उन युवकों के नाम पता है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

क्या कहती है पीएमओ

मुकंद लाल नागरिक अस्पताल की पीएमओ डॉ. दिव्य मंगला ने बताया कि युवती के साथ चार माह पहले दुष्कर्म हुआ था, जिसके कारण वह चार माह की गर्भवती हो गई। पीड़िता का मामला सीडब्ल्यूसी के पास भेज दिया गया है। अब किशोरी का अबार्शन किया जाएगा। वहीं, पुलिस को सूचना दे दी गई थी। पुलिस मामले में जांच पड़ताल कर रही है।

5379487