Logo
Assembly Election 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर खबर सामने आ रही है कि अगर कांग्रेस और आप के बीच बात नहीं बनी तो सपा आप को अपना समर्थन दे सकती है।

Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा में विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियों के बीच उथल पुथल जारी है। जहां एक तरफ आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही है, वहीं दूसरी तरफ खबर यह आ रही है कि अगर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर बात नहीं बनी तो सपा आप का समर्थन कर सकती है। बता दें कि सपा ने भी हरियाणा में चुनाव लड़ने के लिए कांग्रेस के सामने अपना प्रस्ताव रखा था, जिसे लेकर कांग्रेस ने अभी तक विचार नहीं किया। इसके कारण दोनों दलों के बीच खटास पैदा हुई है।

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस का हरियाणा में सपा को समर्थन न देने का असर यूपी के विधानसभा उपचुनाव में दिखना तय है। सपा के नेतृत्व ने भी यहां पर कांग्रेस के दावे को स्वीकार न करने का मन बना लिया है।

सपा ने रखा था ये प्रस्ताव

दरअसल, हरियाणा विधानसभा चुनाव में सपा ने इंडिया गठबंधन के तहत 5 सीटों पर लड़ने का प्रस्ताव भेजा था। यह रणनीति सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इसलिए बनाई थी क्योंकि वह अपनी पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर लाना चाहते हैं। अब यह कहा जा रहा है कि कांग्रेस इस पर विचार करने को तैयार नहीं है। यहां तक कि जींद की जो एक सीट सपा ने अपने एक उम्मीदवार को चुनाव लड़ने के लिए मांगी थी, उस पर भी पार्टी की ओर से कोई विचार नहीं किया गया। साथ ही, कांग्रेस ने इस पर किसी भी तरह का जवाब देना तक ठीक नहीं समझा।

Also Read: हरियाणा विधानसभा चुनाव, कांग्रेस-AAP गठबंधन को लेकर बोले राघव चड्ढा, कहा- उम्मीद कायम है

गठबंधन न होने पर AAP 90 सीटों पर चुनाव लड़ेगी

इसके बाद से इसे सपा नेतृत्व की नाराजगी के तौर पर देखा जा रहा है और माना जा रहा है कि हरियाणा में सपा, आम आदमी पार्टी को समर्थन देने पर विचार कर रही है। कहा जा रहा है कि कांग्रेस से सीटों की साझेदारी पर बात न बनने पर आम आदमी पार्टी राज्य में सभी 90 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकती है। साथ ही 1 से 2 दिनों में अपने उम्मीदवारों की घोषणा भी कर सकती है।

5379487