Logo
Haryana Politics: हरियाणा में विधानसभा चुनावों की तारीखों के ऐलान के बाद से ही प्रदेश में राजनीतिक दलों में पोस्टर वार शुरू हो गया है।

Haryana Politics: हरियाणा में विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान हो चुका है। इसके बाद से ही प्रदेश में राजनीतिक दलों में पोस्टर वार शुरू हो गया है। करनाल में दीवारों पर जगह-जगह मनोहर और नायब सैनी के रोते हुए फोटो के पोस्टरों से भाजपा-कांग्रेस में वाकयुद्ध शुरू हो गया है।

एक अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा ने 'म्हारा हरियाणा- नॉन स्टॉप हरियाणा' का स्लोगन दिया है। जिसके जवाब में विपक्ष की तरफ से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के रोते हुए फोटो लगे पोस्टर जारी किए हैं। जिन्हें रामलीला ग्राउंड के प्रमुख स्थानों पर चस्पा किया गया है। पोस्टरों में प्रदेश भाजपा के 'म्हारा हरियाणा- नॉन स्टॉप हरियाणा' का जवाब देते हुए म्हारा हरियाणा- नॉन स्टॉप महिला अत्याचार- 10 साल में 14 हजार महिलाओं का बलात्कार और म्हारा हरियाणा- नॉन स्टॉप बेरोजगारी- हरियाणा में एक करोड़ बेरोजगारी जैसे स्लोगन लिखे गए हैं।

मां का दूध पिया है तो आएं सामने- अनिल विज

पूर्व गृहमंत्री अनिल विज ने मुख्यमंत्री व पूर्व मुख्यमंत्री के रोते हुए पोस्टर लगाने पर तीखी प्रतिक्रिया करते हुए कहा कि मां का दूध पिया है तो सामने आए। चुपके चुपके पोस्टर लगाना मरी हुई कौम का काम होता है। दम है तो नाम से छापो और आओ सामने मैदान में। हम तो खड़े हैं और बताएंगे। इनमें दम ही नहीं है और ये सामने आकर बात कर ही नहीं सकते हैं। हम खामोश क्यों रहे, हम भी बताएंगे, तुमने क्या-क्या किया, कहां-कहां गोली चलवाई, कहां-कहां लाठीचार्ज किया, सुबकुछ बताएंगे हम चुप क्यों रहें। विज ने भले ही सीधे किसी का नाम नहीं लिया हो, परंतु उनका निशाना कांग्रेस विशेषकर हुड्डा परिवार व उनके समर्थकों की तरफ माना जा रहा है।

पोस्टर विकृत सोच का प्रतीक- रणदीप सुरजेवाला

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने करनाल में लगे पोस्टरों पर कहा कि यह विकृत सोच का प्रतीक है तथा हम इसकी निंदा करते हैं। जिसने भी यह काम किया, वह गलत है। राजनीति में हमेशा सकारात्मक पोस्टरबाजी होनी चाहिए। जनता को गुमराह करने वाले संदेशों से सभी राजनीतिक पार्टियों व नेताओं को बचना चाहिए। भाजपा के दस साल के कार्यकाल को जनता जानती है तथा उसे ऐसे पोस्टरों को पढ़ने की जरूरत ही नहीं है, क्योंकि जनता को पता है कि प्रदेश की बर्बादी के लिए मनोहर व नायब सैनी दोषी हैं। कांग्रेस कभी भी पोस्टरबाजी व ऐसी टिप्पणियों का हिस्सा बनाना स्वीकार्य नहीं करेगी।

सरकार को बदनाम करने के लिए कांग्रेस की साजिश-  संजय बठला

मुख्यमंत्री के ओएसडी संजय बठला ने कहा कि कांग्रेस ने मुंह छुपाकर यह काम किया है, ताकि ऐसे पोस्टर लगाकर सरकार को बदनाम किया जा सके। परिवारवाद के चंगुल में फंसी कांग्रेस सत्ता के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। जिससे मर्यादा की उम्मीद करना अब संभव नहीं है।

5379487