Logo
Haryana Assembly Elections Voting 2024 LIVE Updates: हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के लिए मतदान जारी है। 1031 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिसमें बीजेपी और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर है। नतीजे 8 अक्टूबर को आएंगे।

Haryana Assembly Elections Voting 2024 LIVE Updates: हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के लिए शनिवार (5 अक्टूबर) को सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई।  हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर वोट डालने के लिए वोटर्स काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। सुबह से ही बूथों पर लोगों की लंबी कतारें नजर आने लगी। इस चुनाव में कुल 1031 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस की विनेश फोगाट और जेजेपी के दुष्यंत चौटाला जैसे प्रमुख नेता शामिल हैं। इस बार कुल 2 करोड़ से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।

Live Updates: 

तीसरी बार बनेगी बीजेपी की सरकार: CM सैनी
हरियाणा के सीएम और लाडवा विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार नायब सिंह सैनी ने वोट डालने से मीडिया से बातचीत में कहा कि हम भारी अंतर से जीत रहे हैं और तीसरी बार अपनी सरकार बना रहे हैं. कांग्रेस झूठ की राजनीति करती है, उन्होंने लोकसभा चुनाव के दौरान झूठ बोला था कि संविधान और आरक्षण खत्म हो जाएगा. आरक्षण खत्म करने में सबसे बड़ी भूमिका राहुल गांधी की है. जवाहरलाल नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और राहुल गांधी तक सभी ने देश में आरक्षण खत्म करने की बात कही है। 

पत्नी के साथ वोट डालने पहुंचे दुष्यंत चौटाला
हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री और उचाना कलां सीट से जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के उम्मीदवार दुष्यंत चौटाला अपनी पत्नी और मां के साथ सिरसा के एक मतदान केंद्र पर पहुंचे। उन्होंने कहा, "इस बार हम आजाद समाज पार्टी के साथ गठबंधन में हैं। हमें उम्मीद है कि इस बार हमारी पार्टी को अच्छी सीटें आएंगी। बता दें कि हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में जननायक जनता पार्टी (JJP) ने कुल 66 उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। इसके अलावा, पार्टी ने अपने सहयोगी आजाद समाज पार्टी (ASP) को 12 सीटें दी हैं, जिससे कुल मिलाकर JJP-ASP गठबंधन 78 सीटों पर चुनाव लड़ रहा है।

हिसार सीट से बीजेपी को मिलेगी जीत: कुलदीप बिश्नोई
बीजेपी नेता कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि भाजपा तीसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। हिसार में बीजेपी  के पक्ष में अच्छा माहौल है। यहां (कांग्रेस) उम्मीदवार बाहरी है। भव्य बिश्नोई ने आदमपुर सीट से यहां अच्छा काम किया है। पढे लिखे कैंडिडेट हैं। लोगों को उनमें हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल की झलक दिखती है। एक पूर्व मुख्यमंत्री से विवाद के बारे में पूछे जाने पर कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि हम तो सबके साथ बनाकर रखते हैं। चौधरी भजनलालजी ने कहा था कि सबसे बनाकर रखूं। 

मनु भाकर ने झज्जर में  किया मतदान
ओलंपिक पदक विजेता और भारतीय निशानेबाज मनु भाकर झज्जर में एक मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचीं। झज्जर विधानसभा सीट पर इस बार जबरदस्त मुकाबला दिखने की उम्मीद है। झज्जर सीट से बीजेपी ने अपने मौजूदा विधायक सुरेंद्र सिंह को फिर से मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने राकेश दहिया को अपना उम्मीदवार बनाया है।  आम आदमी पार्टी की ओर से संजय सैनी, जेजेपी से कुलदीप बिश्नोई और इनेलो से शिवकुमार चुनावी मैदान में हैं। 

पंचकूला सीट के उम्मीदवार ने की वोटिंग:
पंचकूला विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार चंद्र मोहन वोट डालने के बाद स्याही लगी उंगली दिखाते हुए। इस बार इस सीट से कांग्रेस और बीजेपी में कड़ा मुकाबला है। बीजेपी तीसरी बार इस सीट से जीतने की उम्मीद कर रही है, जबकि कांग्रेस और दूसरी पार्टियां भी अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश में हैं। पिछले दो चुनावों में बीजेपी के कैंडिडेट ज्ञान चंद गुप्ता ने जीत हासिल की थी, और इस बार भी वह बीजेपी के कैंडिडेट हैं।

50 सीटों पर बीजेपी जीतेगी: मनोहर लाल खट्टर
जनता के मन में क्या है ये सब जानते हैं। आठ तारीख को दोपहर तक इसका सारा परिणाम सामने आ जाएगा। हरियाणा में नशे की खेप पकड़े जाने पर कहा कि कांग्रेस का मूल स्वभाव ऐसे लोगों को संरक्षण देना रहा है। इतनी बड़ी खेप पकड़े जाने के बाद यह साफ हो गया है कि हरियाणा के युवाओं को नशे में धकेलने की मंशा है। इस तरह की बातों को हम खुलकर कहते रहे हैं। नौकरियां बेचने की बात भी हमने खुल की है। केंद्रीय मंत्री और हरियाणा के पूर्व सीएम ने कहा कि इस बार बीजेपी को 50 सीटों पर जीत मिलेगी।

खट्टर ने करनाल में डाला पहला वोट
करनाल के प्रेम नगर थाने में बने पोलिंग बूथ पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सबसे पहला वोट डाला। वोटिंग के बाद खट्टर ने कहा कि हरियाणा की जनता ने बीजेपी के विकास कार्यों को सराहा है और इस बार भी राज्य में बीजेपी की सरकार बनेगी। खट्टर ने दावा किया कि बीजेपी राज्य में तीसरी बार सरकार बनाएगी। साथ ही कहा कि यह चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होगा।

भाजपा और कांग्रेस में कड़ी टक्कर
इस बार हरियाणा विधानसभा चुनाव में सीधा मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के बीच है। बीजेपी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की कोशिश में है, जबकि कांग्रेस एक दशक बाद सत्ता में वापसी के लिए पुरजोर कोशिश कर रही है। पिछले चुनाव में बीजेपी ने 47 सीटें हासिल कर पहली बार हरियाणा में सरकार बनाई थी। इस बार भी पार्टी को अपने विकास कार्यों और नीतियों पर भरोसा है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के लिए मतदान जारी है, और इस चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चुनाव आयोग ने सूबे के संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष ध्यान दिया है। कुल 3,460 मतदान केंद्रों को संवेदनशील और 138 को अति संवेदनशील माना गया है, जहां सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। 186 अंतरराज्यीय और 215 अंतरराज्यीय चेकपॉइंट्स बनाए गए हैं, जिनपर पुलिस कड़ी नजर रख रही है।

वोटरों में जबरदस्त उत्साह
हरियाणा में शनिवार की सुबह से ही पोलिंग बूथों पर वोटरों की लंबी लाइनें देखी जा रही हैं। मतदाता बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए उत्साहित दिख रहे हैं। चुनाव आयोग की ओर से सभी पोलिंग बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से हो सके इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद है। इस बार बूथों पर दिव्यांग वोटर्स की आसानी के लिए रैंप बनाए गए हैं। 

जानें कौन से प्रमुख चेहरे मैदान में
हरियाणा के सियासी मैदान में इस बार कई प्रमुख चेहरे उतर रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लाडवा से, जबकि विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा गढ़ी सांपला-किलोई से चुनाव लड़ रहे हैं। इनेलो के अभय सिंह चौटाला ऐलनाबाद से और जेजेपी के दुष्यंत चौटाला उचाना कलां से चुनावी दंगल में हैं। बीजेपी के अनिल विज अंबाला कैंट से और कांग्रेस की विनेश फोगाट जुलाना से चुनाव लड़ रही हैं।

महिलाएं भी दिखा रहीं दमखम
इस चुनाव में महिलाओं की भी भागीदारी खासा अहम है। हरियाणा के 90 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 101 महिलाएं अपनी किस्मत आजमा रही हैं। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल के अनुसार, इस बार 2,03,54,350 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक जारी रहेगा।

20,632 मतदान केंद्रों पर हो रहा मतदान
हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कुल 20,632 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से कई केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। राज्य में 507 उड़न दस्ते, 464 स्थिर निगरानी दल और 32 त्वरित प्रतिक्रिया दल सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। इसके अलावा, 1,156 गश्ती दल भी स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

8 अक्टूबर को होगी मतगणना
हरियाणा चुनाव में कुल 1,031 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें से 464 निर्दलीय हैं। मुख्य राजनीतिक दलों में बीजेपी, कांग्रेस, AAP, इनेलो-बसपा और जेजेपी-आजाद समाज पार्टी गठबंधन शामिल हैं। हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे 8 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। सभी राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला इस दिन होगा। देखना दिलचस्प होगा कि जनता किसे सत्ता सौंपती है और कौन राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनेगा।

कांग्रेस का लोकलुभावन घोषणा पत्र
दूसरी तरफ कांग्रेस अपने घोषणापत्र में दी गई सात गारंटियों के दम पर चुनाव लड़ रही है। इनमें एमएसपी पर कानूनी आश्वासन, जाति सर्वेक्षण, और महिलाओं के लिए 2,000 रुपए का मासिक भत्ता शामिल है। राहुल गांधी ने कांग्रेस का चुनावी प्रचार संभाला हुआ है। प्रचार के दौरान राहुल गांधी ने महिला पहलवानों और अग्निवीरों का मुद्दा उठाया है। कांग्रेस को उम्मीद है कि उसे लोकसभा चुनावों के प्रदर्शन का फायदा मिलेगा।

5379487