Logo
हाड़कंपा देने वाली ठंड का शिकंजा उत्तरी मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा एनसीआर दिल्ली पर लगातार कसता जा रहा है, जिससे सम्पूर्ण इलाके पर गंभीर कोल्ड डे, गंभीर कोल्ड वेब, शीतलहर व गंभीर कोहरा अपने प्रचंड तेवरों से आगाज किए हुए हैं। अगले 4 दिन ठंड से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।

Haryana: भीषण हाड़कंपा देने वाली ठंड का शिकंजा उत्तरी मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा एनसीआर दिल्ली पर लगातार कसता जा रहा है। जिससे सम्पूर्ण इलाके पर गंभीर कोल्ड डे, गंभीर कोल्ड वेब, शीतलहर व गंभीर कोहरा अपने प्रचंड तेवरों से आगाज किए हुए हैं। साथ दिन व रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज हो रही है। जिसकी वजह से जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कड़ाके की ठंड से आमजन ठिठुरने को मजबूर हो गए हैं।

मैदानी इलाकों में बनी कोल्ड डे की स्थिति

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि सम्पूर्ण मैदानी राज्यों पंजाब, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, बिहार, मध्यप्रदेश में गंभीर कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। हरियाणा एनसीआर दिल्ली में दिन का तापमान 9 डिग्री सेल्सियस से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। कुछ स्थानों पर रात्रि व दिन के तापमान एक जैसे ही बने हुए हैं। यानी सम्पूर्ण इलाके में आमजन को दिन व रात में भीषण हाड़कंपा देने वाली ठंड से दो चार होना पड़ रहा है।

हिमालय की बर्फीली हवाओं का तीखा तेवर

हिमालय की हिमाच्छादित शिखरों से बर्फीली हवाओं की वजह से सम्पूर्ण इलाके में शीतलहर तीखे तेवरों से हमला कर रही है। जिससे रात्रि तापमान में भी गिरावट देखने को मिल रही है। वीरवार को हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर रात्रि तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से 10.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जबकि नारनौल का रात्रि तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जिले में नारनौल का दिन का तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य तापमान से 9.0 डिग्री सेल्सियस कम है। वीरवार सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा।

अगले चार दिन नहीं मिलेगी लोगों को राहत

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चन्द्रमोहन ने बताया कि आने वाले चार दिनों तक सम्पूर्ण हरियाणा एनसीआर दिल्ली में इस प्रकार की चरम स्थितियों में कमी नहीं आएगी। सात व आठ जनवरी को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से पर्वतीय क्षेत्रों में भारी मात्रा में बर्फबारी व सम्पूर्ण इलाके में एक बार फिर मौसम में बदलाव व तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। इस दौरान हरियाणा एनसीआर दिल्ली में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी/मावठ होने की संभावना है। इस दौरान ठंड के कहर से राहत भी मिलेगी, लेकिन 11 जनवरी के बाद एक बार फिर से हवाओं की दिशा बदल जाएगी और कड़ाके की ठंड प्रचण्ड तेवरों से आगाज करेगी।

5379487