Logo
हरियाणा के जींद में पंजाब की तरफ से 13 फरवरी को दिल्ली कूच के लिए आने वाले किसानों को हरियाणा की सीमा में प्रवेश करने से रोकने के लिए दातासिंहवाला बार्डर को सील कर दिया गया है।

Jind: पंजाब की तरफ से 13 फरवरी को दिल्ली कूच के लिए आने वाले किसानों को हरियाणा की सीमा में प्रवेश करने से रोकने के लिए दातासिंहवाला बार्डर को सील कर दिया गया है। वहीं रोडवेज ने भी अहतियात के तौर पर पुख्ता कदम उठाए हैं। इस कारण जींद से लुधियाना, संगरुर व अमृतसर जाने वाली रोडवेज सेवा अस्थाई रूप से बंद हो गई है। वहीं जींद से चंडीगढ़ जाने वाली बसों को भी अंबाला से वापसी भेजा जा रहा है। अंबाला और चंडीगढ़ के बीच भी बॉर्डर को सील किया गया है, इसलिए यह रूट भी बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। वहीं जिले में इंटरनेट सेवा भी 13 फरवरी की रात 12 बजे तक रोक दी गई हैं। जिसे आगे भी बढ़ाया जा सकता है। इस कारण लोगों को ट्रैफिक के बारे में अपडेट नहीं मिल पा रही है।

जींद सीमा सील होने के बाद यात्रियों को हो रही परेशानी

जींद से लुधियाना, अमृतसर, संगरुर, खनौरी, पातड़ा की तरफ पांच से छह बसें जाती हैं तो वहीं पंजाब से भी पीआरटीसी की 15 से ज्यादा बसें जींद होते हुए दिल्ली जाती हैं। दिल्ली की ओर जाने वाली बस भी बहादुरगढ़ से वापस आ रही हैं। किसानों को पंजाब-हरियाणा के बार्डर पर रोकने की ख़ातिर रास्ते को सील किया गया है। रोडवेज ने सुरक्षा के लिहाज से इस रूट पर अस्थाई रूप से बसों को बंद कर दिया है। सामान्य स्थिति होने के बाद ही इस रूट पर बसें दोबारा से शुरू की जाएगी। यात्रियों ने बताया कि किसानों के दिल्ली कूच के चलते पंजाब की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जल्द से जल्द स्थिति सामान्य हो तो लोगों को राहत मिले।

गांवों के यात्री बसों का इंतजार करते रहे

किसान आंदोलन के चलते पुलिस फोर्स को इधर-उधर ले जाने के लिए रोडवेज की 25 बसों को पुलिस लाइन में खड़ा करवाया गया है। जींद डिपो में 197 के करीब बसें हैं, जिनमें हर रोज 20 हजार से ज्यादा यात्री सफर करते हैं। 25 बसों के बंद होने से ग्रामीण रूटों पर बसें नहीं जा पा रही हैं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लिंक रास्तों पर एक रोडवेज बस दस से 12 गांवों को कवर करती हैं और इन रूटों पर सुबह तथा शाम को बस नहीं चल पाने से सभी गांवों के यात्री बसों का इंतजार करते रह गए।

बसों को अस्थाई रूप से रोका गया : जीएम

जींद डिपो के महाप्रबंधक कमलजीत सिंह ने बताया कि जो भी रूट सही हैं, उस पर बसें नियमित रूप से समयानुसार चल रही हैं। सुरक्षा के लिहाज से पंजाब की तरफ जाने वाली बसों को अस्थाई रूप से रोका गया है। स्थिति सामान्य होने के बाद बसों को दोबारा शुरू किया जाएगा।

5379487