Logo
Republic Day 2024 Parade: दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड के लिए आज फुल ड्रेस रिहर्सल की गई। इसमें हरियाणा की भी झांकी नजर आई।

Republic Day 2024 Parade: दिल्ली के कर्तव्य पथ पर मंगलवार को गणतंत्र दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई। केन्द्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों के अलावा देश के अलग-अलग राज्यों की झांकियां भी प्रदर्शित की गईं। इसमें हरियाणा की झांकी को भी शामिल किया गया। हरियाणा की झांकी के दोनों तरफ हरियाणवी पारम्परिक वेशभूषा में महिला कलाकार हरियाणवी नृत्य करती नजर आई। इस दौरान हरियाणवी बोली के गीत भी सुनाई दिए। बता दें कि इस बार हरियाणा की झांकी की थीम 'मेरा परिवार-मेरी पहचान' है। 

हरियाणा की झांकी तीसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर शामिल

राज्य सरकार के प्रवक्ता के अनुसार, गणतंत्र दिवस की परेड में हरियाणा की झांकी को तीसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर शामिल किया गया है। झांकी में एक स्कूली छात्रा दर्शाई गई, जिसके हाथ में टैबलेट है, जो डिजिटल हरियाणा का प्रतीक है। बता दें कि राज्य सरकार ने अपने महत्वाकांक्षी ई-अधिगम कार्यक्रम के तहत सरकारी स्कूलों में 10वीं से 12वीं क्लास में पढ़ने वाले 5 लाख से अधिक छात्रों को निशुल्क टैबलेट देकर कर रिकॉर्ड बनाया था। 

डिजिटल शिक्षा को दर्शाया गया 

इसके पीछे सरकार का उद्देश्य यह है कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थी डिजिटल रूप से शिक्षा ग्रहण कर सकें। इसके अलावा इस झांकी में परिवार पहचान पत्र के माध्यम से जनता को आसानी से मिलने वाली सुविधाओं तथा सेवाओं को दर्शाया गया है। उदाहरण के तौर पर परिवार पहचान पत्र में दर्ज डाटा के हिसाब से पात्र परिवारों को राशन वितरण, पेंशन, वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, आयुष्मान भारत योजना, छात्रवृति, सब्सिडी आदि का लाभ आसानी से मिल पा रहा है।

ये भी पढ़ें:-Republic Day 2024: गणतंत्र दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल आज, इन रास्तों पर जाने से बचें, ट्रैफिक रहेगा डायवर्ट

महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिला 

झांकी में फूलों की खेती करती महिला किसान दर्शाई गई है जो कि आधुनिक खेती के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दे रही हैं। प्रवक्ता ने बताया कि इसमें इंटरनेशनल सोलर एलायंस का हरियाणा में स्थापित मुख्यालय को दर्शाया गया है। यह मुख्यालय गुरुग्राम जिला के गांव ग्वाल पहाड़ी के निकट बनाया गया है। यह मुख्यालय प्रधानमंत्री  मोदी की पहल के बाद सौर संसाधन सम्पन्न देशों लिए उनकी विशेष ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग के लिए एक मंच प्रदान करता है। 

हरियाणा में मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर

सिर्फ इतना ही नहीं, हरियाणा में मजबूत होते इंफ्रास्ट्रक्चर को दर्शाया गया है, जिसमें मुख्य रूप से बेहतर सड़कों को विशेषकर हाईवे का जाल बिछाने और मेट्रो रेल सेवा को शामिल किया गया है। इस झांकी में प्रदेश के अर्बन डेवलपमेंट के अनूठे मॉडल को भी जगह मिली है। इसके अलावा, प्रदेश में बने इंडस्ट्रियल फ्रेंडली माहौल की वजह से बढ़ रहे औद्योगीकरण को भी दिखाया गया है। झांकी के दोनों तरफ हिसार के राखीगढ़ी में की जा रही खुदाई को दर्शाया गया है जहां पर सिन्धु घाटी सभ्यता तथा हड़प्पा पूर्व की सभ्यता के अवशेष मिले है। 

हरियाणा की संस्कृति का संदेस दुनिया में जाएगा 

दिल्ली के कर्तव्य पथ पर 26 जनवरी को होने जा रही गणतंत्र दिवस परेड को देखने वाले लोगों को हरियाणा की पौराणिक और आधुनिकता के समावेश वाली झांकी को देखने का मौका मिलेगा। भारत की इस परेड को देश व दुनिया में देखा जाता है, इसलिए हरियाणा की संस्कृति के साथ-साथ इंफ्रास्ट्रक्चर, कृषि, औद्योगीकरण में आ रही आधुनिकता का संदेश इस झांकी के माध्यम से देश और दुनिया में दिया जाएगा।

jindal steel hbm ad
5379487