Logo
पंजाब के किसानों का हरियाणा में प्रवेश रोकने के लिए प्रशासन ने कैथल में पंजाब सीमा पर मिट्टी के बांध बना दिए हैं। जिस पर किसान नेताओं ने प्रतिक्रिया देते हुए हुए कहा है कि सरकार चाहे कुछ भी कर लें, 13 फरवरी को दिल्ली तो जाकर ही रहेंगे।

कैथल। रविवार को कैथल के गुल्हा चिका में हरियाणा व पंजाब सीमा पर  बैरिकेड्स लगाने व कंटेनर रखने के साथ मिट्टी के बांध भी बना दिए हैं। जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मालूम रहे कि किसानों को रोकने के लिए प्रशासन ने जहां पूरी तरह कमर कसी हुई है और अधिकारियों ने पूरी सख्ती बरतते हुए किसानों को स्पष्ट रूप से यह संदेश दिया है कि प्रशासन हर हालत का सामना करने के लिए तैयार है और किसानों को किसी भी सूरत में दिल्ली नहीं जाने दिया जाएगा परंतु इसी के चलते प्रशासन द्वारा जहां तीन दिन पहले ही इन्टरनेट सेवा बंद कर दी गई है, रास्ते बंद करके सड़क पर गड्ढे खोद दिए गए हैं, इससे जनता में सरकार व प्रशासन के खिलाफ भारी रोष व्याप्त हो गया है। लोगों का कहना है कि तीन दिन पहले सामान्य आवाजाही बंद करने का क्या औचित्य है? लोगों ने कहा कि वे प्रशासन से यह सवाल पूछ रहे हैं परंतु उनका उत्तर देने वाला कोई नहीं है। बंद नाकों का दौरा करने के उपरांत किसानों ने बताया कि प्रशासन द्वारा दिल्ली कूच को असफल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जिससे आमजन को परेशानी झेलनी पड़ रही है।

किसान बोले, भूखे मर रहे उनके पशु 

किसानों ने कहा कि उन्हें नाके लगने से समस्या यह आ रही है कि उनके घर गांव में हैं परंतु नाकों के दूसरी तरफ हैं नतीजतन पशुओं का चारा लेने के लिए वे खेतों में जाने के लिए बेबस हो गए हैं क्योंकि नाकों के चलते ट्रैक्टर व बैलगाड़ी आदि लेकर वे अपने खेतों में नहीं जा सकते, जिस कारण चारे के अभाव में उनके पशु भूखे रहने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की उक्त कार्रवाई से किसानों में सरकार के प्रति भारी गुस्सा है। किसानों ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि खेतों से पशुओं का चारा लाने के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।

अधिकारियों ने डाला डेरा

किसानों के दिल्ली कूच को रोकने के लिए अधिकारियों ने यहां डेरे डाल लिए हैं और जिला स्तर व प्रदेश स्तर के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी यहां का दौरा कर लगातार स्थिति का जायजा ले रहे हैं। इसी बीच आज यहां आई.जी. करनाल सतेंद्र गुप्ता ने लगातार तीसरे दिन दौरा करते हुए स्थिति का जायजा लिया। इस अवसर पर उनके साथ अतिरिक्त उपायुक्त कैथल सुश्री श्रद्धा भी मौजूद रही। एक तरफ प्रशासन ने किसानों को रोकने के लिए जहां एड़ी-चोटी का जोर लगाया हुए है।

13 को दिल्ली कूच हर हाल में होगा 

किसान जत्थेबंदियां भी दिल्ली कूच की जोरदार तैयारियां कर रही हैं। इस सम्बन्ध में भाकियू ब्लाक प्रधान बलकार बल्लू ने बताया कि गुहला-चीका क्षेत्र में भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह से जुड़े किसान नेता पूरी तरह से सक्रिय हैं और गांव-गांव जाकर किसानों को दिल्ली कूच में बढ़चढ़ कर भाग लेने का आह्वान कर रहे हैं। किसान नेताओं का दावा है कि प्रशासन उन्हें रोकने के लिए कितने भी हथकंडे क्यों ना अपना ले परंतु सरकार व प्रशासन उन्हें दिल्ली कूच करने से नहीं रोक पाएंगे और वे 13 फरवरी को प्रशासन के लगाए गए नाकों को धता बताते हुए दिल्ली कूच करके ही दम लेंगे।

5379487