Logo
हरियाणा के नूंह में जमीनी विवाद को लेकर एक भाई ने दूसरे भाई को गोली मार दी। गोली लगने से घायल युवक को परिजनों ने उपचार के लिए नूंह नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की।

Nuh: तावडू उपमंडल के अधीन गांव चिलावली में भूमि विवाद ने भाई को भाई का दुश्मन बना दिया। जमीनी विवाद को लेकर एक भाई ने दूसरे भाई को गोली मार दी। गोली लगने से घायल युवक को परिजनों ने उपचार के लिए नूंह नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल के बयान पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले में आरोपी की तलाश कर रही है।

भूमि विवाद को लेकर चल रही 2 भाईयों में रंजिश

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार दो भाई साहून और हूर खान निवासी चिलावली थाना तावडू में भूमि विवाद को लेकर पुरानी रंजिश चल रही है। वीरवार सुबह 9 बजे के करीब दोनों भाइयों के परिवार में भूमि रास्ते की पैमाइश को लेकर विवाद हुआ, जो इतना बढ़ गया कि हूर खान ने अपने सगे भाई साहुन पर गोली चला दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर शराबा होने पर गांव में हड़कंप मच गया। वहीं सूचना के थोड़ी देर बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था घायल

पीड़ित साहुन की पत्नी ने बताया कि वीरवार सुबह भूमि पैमाइश को लेकर विवाद हुआ। उसी दौरान हूर खान ने अपनी छत से फायरिंग शुरू कर दी। परिवार के लोगों ने बचाव करने का प्रयास किया लेकिन पति साहून के हाथ में गोली लग गई, जिससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया। दावा है कि आरोपी की ओर से चार से पांच राउंड फायरिंग की गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो आरोपी फरार हो गए। जबकि घायल साहून को नूंह मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। वही इस हादसे की पुष्टि करते हुए तावडू डीएसपी मुकेश कुमार का कहना है कि दो भाइयों में भूमि विवाद को लेकर गोली चली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

5379487