Logo
हरियाणा में केंद्रीय ट्रेड यूनियन व संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर राष्ट्रव्यापी हड़ताल का ऐलान किया गया। इसी के चलते रोडवेज का चक्का जाम हो सकता है। ऐसे में घर से बाहर जाना है तो निजी वाहनों के भरोसे रहना होगा।

Jind: 16 फरवरी को केंद्रीय ट्रेड यूनियनों व संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर राष्ट्रव्यापी हड़ताल का ऐलान किया गया है। इस ऐलान में कर्मचारी यूनियनों के अलावा, ट्रेड यूनियनें, किसान संगठन भी भाग लेंगे। भारतीय किसान यूनियन द्वारा भी गांव बंद का ऐलान किया गया है। जिसके चलते आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रोडवेज कर्मचारी बसों का चक्का जाम रखेंगे, जिससे परिवहन सुविधा बाधित होगी। ऐसे में रेल ही यात्रियों का सहारा बनेगी। वहीं किसान व ट्रेड यूनियनों द्वारा जगह-जगह जाम लगाए जाने की संभावना है, जिससे आवागमन प्रभावित होगा। ऐसे में जरूरी हो तो ही घरों से बाहर निकला जाए तो बेहतर होगा।

कर्मचारी और किसान संगठनों ने हाइवे पर जाम लगाने का किया ऐलान

कर्मचारी और किसान संगठनों ने जींद-नरवाना नेशनल हाईवे समेत मुख्य मार्गों पर जाम लगाने का ऐलान किया है तो वहीं रोडवेज और निजी बसों का भी चक्का जाम की आशंका है। छोटे कमर्शियल वाहन क्रूजर, वैन, मैक्सी कैब संचालक भी हड़ताल पर रहेंगे। इसलिए जरूरी हो, तभी घर से बाहर निकलें और बाहर निकलते हैं तो रूट मैप का पता करके ही निकलें।

मुख्य मार्गों पर चार घंटे जाम लगाने का ऐलान 

संयुक्त किसान मोर्चा नेता व किसान सभा के राज्य उपाध्यक्ष फूल सिंह श्योकंद ने कहा कि जींद, उचाना, नरवाना, अलेवा, सफीदों व जुलाना में चार घंटों के लिए रोड जाम किए जाएंगे। हड़ताल और रास्ते बंद होने की वजह से फल.सब्जियों और दूध की सप्लाई भी प्रभावित रहने के आसार हैं।

रोडवेज कर्मचारी भी होंगे हड़ताल में शामिल

रोडवेज कर्मचारी भारत बंद में हड़ताल रखेंगे। जींद डिपो में 197 रोडवेज बस हैं, जिसमें किलोमीटर स्कीम की 37 बस शामिल हैं। ऐसे में रोडवेज अधिकारियों का प्रयास रहेगा कि अल सुबह लंबे रूट पर चलने वाली बसों पर किलोमीटर स्कीम वाली बसों को चलाया जाए। किलोमीटर स्कीम वाली बस पर चालक परिवहन समिति का ऑपरेटर होता है और परिचालक रोडवेज कर्मचारी होता है। ऐसे में शुक्रवार को प्राइवेट बसों पर यात्रियों को निर्धारित स्थान तक लेकर जाने का भार रहेगा। बसों की कमी के चलते जींद से गोहियां, मांडी, छात्तर, कुचराना, संडील, नंदगढ़, उगालन, राखीगढ़ी, जाजवान जैसे लोकल रूट पर भी बसों का संचालन बाधित है। जिसके चलते दोपहर बाद विद्यार्थियों को कॉलेज की छुट्टी के बाद घर जाने में परेशानी होती है।

ट्रेनों का सहारा ले सकते हैं यात्री

इस समय किसानों के दिल्ली कूच के चलते लुधियाना, चंडीगढ़, दिल्ली जैसे रूट बाधित हैं। वहीं शुक्रवार को रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल है। ऐसे में जींद से रोहतक, कुरुक्षेत्र, पानीपत, चंडीगढ़ व दिल्ली जाने के लिए यात्री ट्रेनों का सहारा ले सकते हैं। किसानों के दिल्ली कूच के चलते इस समय लुधियाना, दिल्ली, चंडीगढ़ जैसे सड़क मार्ग कब तक बाधित रहेंगे, यह कहना मुश्किल है।

अधिकारियों का प्रयास निर्धारित रूट पर चलाई जाए बसें

जींद डिपो के टीएम वीरेंद्रपाल ने बताया कि प्रयास रहेगा कि अल सुबह लंबे रूट पर चलने वाली बसें भेजी जाए, ताकि सुबह के समय यात्रियों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। शुक्रवार को रोडवेज कर्मचारियों ने मांगों को लेकर हड़ताल करने का निर्णय लिया है। ऐसे में रोडवेज अधिकारियों का प्रयास है कि निर्धारित रूट पर बस चलाई जाए।

5379487