Logo
हरियाणा के बहादुरगढ़ में एक मां ने अपने डेढ़ साल के बेटे की सल्फास की गोली देकर हत्या कर दी। पिता की शिकायत पर पुलिस ने बच्चे के शव को शमशान घाट से निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।

Bahadurgarh: इलाके में मां की ममता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया। एक महिला ने जहर देकर अपने डेढ़ वर्षीय मासूम बेटे को मौत के घाट उतार दिया। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस शमशान भूमि पहुंची और शव को जमीन से बाहर निकाला। शनिवार को बहादुरगढ़ के सरकारी अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। वहीं, पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। मामले के पीछे घरेलू कलह बताई जा रही है। हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद होगी।

शमशान घाट से बच्चे के शव को निकाला, अब पोस्टमार्टम में होगा खुलासा

दरअसल बादली थाना क्षेत्र के एक गांव में 15 मई की शाम को डेढ़ वर्षीय लड़के की तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद परिजन उसे एक निजी अस्पताल से दवा दिलाकर लाए। रात को तबीयत अधिक बिगड़ी तो उसे फिर से अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया और कारण बताया कि किसी जहरीली वस्तु से जान गई है। फिर वीरवार की सुबह परिवार के लोगों ने मासूम बच्चे को शमशान घाट में मिट्टी दे दी। शुक्रवार को परिवार के लोगों को शंका हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शमशान भूमि से बच्चे के शरीर को निकालकर नागरिक अस्पताल में भेजा गया।

बेड से सल्फास की दुर्गंध आने पर हुई आशंका

मृतक बच्चे के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उसे बेड से सल्फास की दुर्गंध आई तो शंका हुई। जब छत पर गया तो देखा कि वहां सल्फास गिरी हुई थी। इसके बाद पत्नी से पूछताछ की। कई बार पूछने पर वह बोली कि उसने ही बच्चे को गोली दी है। इस बयान के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। आरोपों की सच्चाई, अभी तफ्तीश का विषय है। बादली थाना के एसएचओ रमेश चंद्र ने बताया कि शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मामले में जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

5379487