Logo
हरियाणा के जींद में बाइक सवार युवकों ने कार सवार व्यक्ति की गोलियां मारकर हत्या कर दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस हत्यारों की तलाश कर रही है।

Jind: गांव बडनपुर नहर पर बाइक सवार युवकों ने कार सवार व्यक्ति की गोलियां मार कर हत्या कर दी। मृतक गुजरात में निजी ट्रांसपोर्ट में मैनेजर के पद पर कार्यरत था। गत दिवस ही वहां से घर लौटा था। फिलहाल यह खुलासा नहीं हुआ कि हत्यारे कौन थे और हत्या के पीछे रंजिश क्या रही। हालांकि संदेह एक युवक पर जरूर जताया जा रहा है। परिजनों ने हत्यारों की गिरफ्तारी न होने तक शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। फिलहाल सदर थाना नरवाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

दोस्त की गाड़ी लेकर कलायत जाने के लिए निकला था मृतक

गांव दनौदा कलां निवासी सुशील शुक्रवार को घर से दोस्त की गाड़ी लेकर कलायत जाने की बात कहकर निकला था। गांव बडनपुर नहर पुल पर अज्ञात युवकों ने सुशील की गाड़ी को ईंट मार कर रोका। जब वह नीचे उतरा तो उसे गोलियां मार दी। वारदात को अंजाम देकर युवक फरार हो गए। गंभीर हालात में सुशील को नागरिक अस्पताल नरवाना ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालातों का जायजा लिया। यह खुलासा नहीं हुआ कि सुशील की हत्या किसने की। इसके पीछे रंजिश क्या रही। हालांकि संदेह जरूर जताया है, जिसकी तलाश पुलिस ने की तो वह पुलिस के हाथ नहीं लगा। सदर थाना नरवाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हत्यारों की गिरफ्तारी पर अडे़ परिजन, पोस्टमार्टम कराने से किया मना

सुशील की हत्या की सूचना मिलने पर परिजनों के साथ काफी संख्या में ग्रामीण नागरिक अस्पताल में पहुंचे। परिजनों ने किसी से गहरी रंजिश तो नहीं बताई लेकिन डेढ़ दशक पुरानी बात पर संदेह जरूर जताया। पुलिस ने दस्तक दी तो वह युवक नहीं मिला। परिजन इस बात पर अड़ गए कि जब तक हत्यारे गिरफ्तार नहीं होते, तब तक वे पोस्टमार्टम नहीं कराएंगे और ना ही शव को उठाएंगे।

नहीं थी रंजिश, संदेह जरूर, भाई को गोली लगने पर बताया धोखा

मृतक के परिजनों ने बताया कि सुशील पिछले छह साल से बडौदरा गुजरात में निजी ट्रांसपोर्ट में मैनेजर के पद पर कार्यरत था। गांव में बहुत कम आता था। किसी से रंजिश भी नहीं थी। गत दिवस वह गुजरात से घर लौटा था। शुक्रवार को वह कलायत जाने की बात कहकर अपने जानकार की गाड़ी लेकर निकला था। जब सुशील को गोलियां मारी गई तो उसने अपने भाई मनोज को फोन पर गोली लगने तथा धोखा होने की बात कही। जिसके बाद वह गिर कर बेसुध हो गया। अब सुशील के साथ धोखा किसने किया, इसका खुलासा नहीं हो पाया। हालांकि रजिश से भी मना किया जा रहा है। लगभग डेढ़ दशक पुरानी बात पर जरूर संदेह किया जा रहा है।

वारदात से पहले वापसी में बाइक पर दिखाई दिए तीन हत्यारे

पुलिस ने सुशील की हत्या के बाद बडनपुर रोड पर लगे सीसीटीवी की फुटेज को खंगाला तो सामने आया कि जिस समय हत्यारे वारदात को अंजाम देने आ रहे हैं। बाइक पर दो लोग दिखाई दे रहे हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक से तीन लोक वापस जाते दिखाई दे रहे हैं। जिससे संदेह जताया जा रहा है कि एक हत्यारा गाड़ी में सुशील के साथ सवार था। जिसने अपने दोस्तों के साथ वारदात को अंजाम दिया है। हत्या के पीछे कोई ऐसा कारण रहा है, जिसके चलते योजनाबद्ध तरीके से सुशील की हत्या की गई।

5379487