Logo
हरियाणा के कैथल में एक फैक्टरी मालिक की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्यारों ने नुकीले हथियार से मृतक के सिर व मुंह पर वार किए। हत्या के बाद आरोपी सीसीटीवी की डीवाआर भी साथ ले गए। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

Kaithal: देवीगढ़ रोड स्थित शिव कालोनी में वीरवार देर रात प्लास्टिक का दाना बनाने वाली फैक्टरी के मालिक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान बालाजी कालोनी कैथल के सतीश कुमार के रूप में हुई। वे करीब 45 वर्ष के थे। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की।

नुकीले हथियार से किए कई वार 

ऐसा बताया जा रहा है कि मृतक का सिर और मुंह पर नुकीले हथियार से कई वार किए गए हैं। शव को पहचानने में भी स्वजनों को परेशानी हो रही थी। उसके बाद कपड़ों से शव को पहचाना गया। फैक्टरी में सीसीटीवी भी लगे हुए हैं। तीनों आरोपित वारदात के बाद सीसीटीवी की डीवीआर भी अपने साथ ले गए हैं। इसके साथ मृतक सतीश का फोन भी साथ ले गए। अब तीनों आरोपितों और सतीश का फोन बंद आ रहा है।

पैसों को लेकर हत्या करने का परिजनों ने लगाया आरोप

मृतक की पत्नी ने अपनी शिकायत में बताया कि वीरवार रात साढ़े नौ बजे उसकी अपने पति सतीश से बात हुई थी। पति ने बताया था कि रात को कहीं से करीब आठ लाख रुपए की राशि आनी है। वह यहीं पर रहेगा और उसके साथ अंकित व अजय भी हैं। आरोप है कि पैसों को लेकर ही आरोपितों ने उसके पति की हत्या की है। मृतक का एक बेटा है जो करीब एक साल से विदेश में रहता है।

करीब ढाई साल से चल रही थी फैक्टरी 

जानकारी अनुसार यह फैक्टरी करीब ढाई साल से चल रही थी। तीनों आरोपित यहीं काम करते थे और शिव कालोनी में ही किराए के मकान में रहते थे। वीरवार देर रात को तीनों आरोपित किराए  के मकान में आ गए थे और उसके बाद सुबह बिना बताए चले गए। मकान मालिक नन्हा ने अंकित के पास फोन किया तो उसका नंबर बंद मिला। उसने सुबह साढ़े दस बजे फैक्टरी में जाकर देखा तो वहां सतीश का शव पड़ा हुआ था। उसने उसी समय घटना के बारे में पार्षद प्रवेश शर्मा को सूचना दी। पार्षद ने सिविल लाइन थाना को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और सीन आफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया।

मृतक की पत्नी की शिकायत पर 3 के खिलाफ किया केस दर्ज 

सिविल लाइन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनीता ढाका ने बताया कि मृतक की पत्नी सुमन की शिकायत पर फैक्टरी के कर्मचारी अंकित, अंकित का साला अजय और अंकित की पत्नी काजल के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर मामले का खुलास किया जाएगा।

5379487