Logo
हरियाणा के कोसली में केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि कमल खिला दो, हम हरियाणा को दुनिया में चकमा देंगे।हरियाणा विकास के नए आयाम छूएगा। पिछले दस साल में भाजपा की मोदी सरकार ने तेज गति से देश का विकास किया है।

Rewari: केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कोसली में रोहतक से भाजपा प्रत्याशी डॉ. अरविंद शर्मा और गुरुग्राम से प्रत्याशी राव इंद्रजीत सिंह के समर्थन में आयोजित विजय संकल्प रैली में कहा कि कमल खिला दो, हम हरियाणा को दुनिया में चकमा देंगे। हरियाणा विकास के नए आयाम छूएगा। पिछले दस साल में भाजपा की मोदी सरकार ने तेज गति से देश का विकास किया है। हरियाणा में भी सड़कों का जाल बिछाया है। कोसली वही इलाका है, जिसने पिछले लोकसभा चुनाव में अरविंद शर्मा को भारी बहुमत देकर रोहतक लोकसभा सीट से जीत दिलवाई थी। यहां से मिली 75 हजार वोटों की लीड की वजह से अरविंद शर्मा ने दीपेंद्र को चुनाव हराया था। इस बार भी कोसली हलके से डॉ. अरविंद शर्मा को पहले से भी बड़े मार्जन से जीत दिलाकर भाजपा को मजबूत करें।

ईमानदार नेता व सही नीति भाजपा के पास

नितिन गडकरी ने कहा कि देश के विकास के लिए सही मायने में दो चीजें अहम होती हैं। एक तो सही ईमानदार नेता और दूसरी सही नीति। यह सब भाजपा में मौजूद हैं। इसलिए आप भाजपा को जिताकर देश को मजबूत करें और देश के विकास को गति दें। गडकरी ने कहा कि 350 प्लांट हरियाणा और पंजाब में आ रहे हैं। इनमें पराली के ईंधन का प्रयोग होगा। आने वाले समय में हवाई जहाज भी किसान के दिए हुए ईंधन से चलेंगे, जिसका किसानों को डायरेक्ट लाभ मिलेगा। ऐसी अनेक योजनाएं सरकार लेकर आएगी, जिससे हरियाणा का विकास होगा।

देश में स्मार्ट विलेज बनाने की योजना

गडकरी ने कहा कि पिछले 10 साल में जो विकास हुआ, वह तो सिर्फ ट्रेलर था,असली फिल्म तो अब दिखाई देगी। हम केवल स्मार्ट शहर नहीं, बल्कि स्मार्ट विलेज भी बनाएंगे। जो कांग्रेस 60 साल में नहीं कर सकी, वह मोदी के नेतृत्व में हमने 10 साल में करके दिखाया। आपके क्षेत्र में हमारे प्रतिनिधियों ने काम करके दिखाएं हैं। राव इंद्रजीत सिंह बताएं कि उन्होंने जब भी डिमांड की, मैंने 1 हजार, 2 हजार, 5 हजार, 10 हजार करोड़ दिए। कभी मैंने मना नहीं किया। अकेले हरियाणा में मेरे मंत्रालय की ओर से लगभग दो लाख करोड़ से ज्यादा रुपए के काम हुए हैं। हमने दिल्ली-जयपुर हाईवे का निर्माण करवाया, यह भी हरियाण से गुजरता है। गुरुग्राम और रेवाड़ी आने-जाने का समय 45 मिनट होगा।

किसान अब अन्नदाता से ऊर्जा दाता बना

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमारे किसान को पहले अन्न दाता कहते थे, लेकिन हमने किसान को सिर्फ अन्नदाता नहीं, बल्कि ऊर्जा दाता बनाया और ऊर्जा के साथ -साथ ईंधन दाता भी बनाया है। इस देश में इलेक्ट्रिक बस, स्कूटी, कार चलवाई है। एक साल के भीतर इलेक्ट्रिक से चलने वाला ट्रैक्टर भी आ रहा है। मेरे घर पर 60 एकड़ जमीन है। तीन कुएं हैं। 1 घंटे पंप चलता था। मैंने अपने घर पर 3 सोलर पंप लगाए। मेरे कुएं 10 घंटे चलते हैं। मेरी पत्नी खेती करती है। एक एकड़ में 88 क्विंटल गन्ना हुआ। आप पानी का महत्व नहीं समझ सकते, क्योंकि आप गंगा और यमुना के पास हैं। पानी की कीमत गुजरात के आगे जाकर देखो। 1970 से राज्यों में झगड़े थे। राजस्थान, दिल्ली, यूपी से लेकर कई राज्यों में झगड़े थे। 23 में से 17 प्रोजेक्ट क्लियर कर दिए।

5379487