Logo
हरियाणा के नूंह में एक विवाहित महिला का शव घर में फांसी के फंदे पर लटकता मिला। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

Nuh: वार्ड नंबर 10 में एक 28 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला कई दिनों तक मानसिक परेशानी के चलते मेडिकल कॉलेज नल्हड़ में भर्ती थी। अब दो दिन पहले डिस्चार्ज होकर घर आई थी। रविवार की शाम महिला को शव फंदे पर लटका पाया गया। उसके मायके के लोगों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने के आरोप लगाए। पुलिस ने मामले में महिला के मायके पक्ष की शिकायत पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।

2014 में नूंह के विपिन से हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार सोहना के रहने वाले रमेश की बेटी की शादी फरवरी 2014 में नूंह में विपिन कुमार के साथ हुई थी। फिलहाल वह नूंह में वार्ड नंबर 10 में अपनी ससुराल में रह रही थी। रविवार शाम को महिला ने संदिग्ध हालात में फंदा लगा लिया। परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देखा तो वे उसे उतार कर नल्हड़ मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां पर जांच के बाद डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि बेटी को ससुराल वाले शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताड़ित करते आ रहे थे। रविवार शाम को उनकी बेटी की दहेज के लिए हत्या कर दी गई।

मानसिक परेशानी के चलते महिला ने किया सुसाइड

मृतका के पति विपिन कुमार ने कहा कि उसकी पत्नी ने मानसिक परेशानी के चलते सुसाइड किया है। मानसिक परेशानी के चलते उसको नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया था। परिवार चाहता था कि वह जल्दी से स्वस्थ हो। दो दिन पहले ही वह मेडिकल से घर आई थी। कल चुपके से फंदा लगा लिया। पूनम की मौत की सूचना पर सिटी थाना पुलिस ने मौके के मुआयना किया। उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कब्जे में लिया गया। सिटी थाना प्रभारी सतपाल का कहना है कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

5379487