Logo
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उनके दस वर्ष के कार्यकाल में भारत आर्थिक विकास के मार्ग पर 11वें पायदान से पांचवे नंबर पर आ गया है। अगले पांच साल में भारत विश्व की तीसरी आर्थिक महाशक्ति बनकर सामने आएगा।

Rewari: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उनके दस वर्ष के कार्यकाल में भारत आर्थिक विकास के मार्ग पर 11वें पायदान से पांचवे नंबर पर आ गया है। अगले पांच साल में भारत विश्व की तीसरी आर्थिक महाशक्ति बनकर सामने आएगा। मोदी शुक्रवार को जिले के गांव माजरा में लगभग 1600 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले देश के 22वें एम्स का शिलान्यास करने के बाद विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने प्रदेश में लगभग 10 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया।

विश्व के हर कोने में बढ़ा भारत का सम्मान 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह अभी दो देशों की यात्रा से लौटे हैं। आज विश्व के हर कोने में देश का सम्मान बढ़ा है। देश का सम्मान बढ़ना हर भारतीय का सम्मान बढ़ना है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के जो नेता भगवान राम को काल्पनिक बताते थे, आज वही जय सियाराम बोलने लगे हैं। कांग्रेस के नेता उनके खिलाफ साजिश रचने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे, लेकिन देश की जनता उन्हें आशीर्वाद देकर उनकी साजिशों को नाकाम कर देती है। उन्होंने सैकड़ों सालों से लटके पड़े राम मंदिर के मामले को सुलझाकर देशवासियों को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का सपना पूरा कर दिया। आज पूरा देश अयोध्या में रामलाल के दर्शन कर रहा है।

कांग्रेस ने एक परिवार का विकास करने में देश का नुकसान किया 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने धारा 370 हटने में जमकर रोडे़ अटकाने का प्रयास किया, लेकिन यह काम किया गया। कांग्रेस ने एक परिवार का विकास करने के लिए देश का नुकसान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। कांग्रेस ने हर वर्ग के लोगों के साथ धोखेबाजी करने का काम किया। पूर्व सैनिकों को वन रैंक-वन पेंशन के नाम पर धोखे में डालकर 500 करोड़ रुपए में बरगलाने का काम किया। उन्होंने पूर्व सैनिकों से किए वायदे को पूरा करते हुए ओआर-ओपी को लागू करते हुए पूर्व सैनिकों व उनके परिवारों को एक लाख करोड़ रुपए की राशि प्रदान की। अकेले रेवाड़ी जिले के पूर्व सैनिकों को 600 करोड़ रुपए से ज्यादा राशि आवंटित की गई, जो कांग्रेस की पूरे देश के पूर्व सैनिकों के लिए निर्धारित राशि से ज्यादा है।

मोदी की गारंटी की पूरे विश्व में चर्चा का विषय 

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज मोदी की गारंटी की पूरे विश्व में चर्चा है। मोदी की गारंटी है कि आने वाले समय में भारत जल्द विश्व की महाशक्ति बनकर सामने आएगा। विकसित भारत का लक्ष्य मोदी की गांरटी है। इसके लिए हरियाणा प्रदेश का विकसित होना भी जरूरी है। हरियाणा में आर्थिक विकास की अपार संभावनाएं हैं। विदेशी निवेशकों के लिए भारत और भारत में हरियाणा पहली पसंद हैं। डबल इंजन की सरकार होने के कारण सीएम मनोहरलाल ने प्रदेश में आधारभूत ढांचे को विकसित करने में सराहनीय कार्य किया है। प्रदेश में रोड और नेटवर्क काफी मजबूत हुआ है, जो औद्योगिक विकास के लिए काफी जरूरी है।

स्वास्थ्य और शिक्षा पर सरकार का फोकस

पीएम मोदी ने कहा कि वह अहीरवाल की धरती से पूरे प्रदेश को राम-राम करते हैं। सरकार का पूरा फोकस स्वास्थ्य और शिक्षा पर है। राव इंद्रजीत सिंह को अपना मित्र बताते हुए उन्होंने कहा कि वह बोलने की बजाय करने में विश्वास रखते हैं। उन्हीं के प्रयासों से एम्स का शिलान्यास हुआ है और अब उनकी सरकार में ही एम्स का लोकार्पण होगा। इस एम्स का निर्माण होने से हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और यूपी तक के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। एम्स से हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिल सकेगा।

अपनी सरकारों को नहीं संभाल पा रही कांग्रेस 

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि एक परिवार के मोह में फंसी कांग्रेस आज सबसे दयनीय हालात का सामना कर रही है। कांग्रेस के नेता एक स्टार्ट-अप तक नहीं संभाल पा रहा है। यह लोग देश संभालने का सपना देख रहे हैं। जिन राज्यों में इनकी सरकार है, उसे भी वह संभाल नहीं पा रहे। हिमाचल सरकार के पास अपने कर्मचारियों को वेतन देने के लिए पैसा नहीं है। कांग्रेस की दुर्दशा को देखते हुए इसके पुराने नेता भी छोड़कर भाग रहे हैं। झूठ और धोखेबाजी की राजनीति को देश की जनता ने पूरी तरह से नकार दिया है।

केंद्र की नीतियों को तेजी से लागू कर रही सरकार

मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने कहा कि प्रदेश सरकार केंद्र की नीतियों को तत्काल और प्रभावी तरीक से लागू कर रही है। पूरे प्रदेश में समान रूप से विकास कराया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने एम्स का शिलान्यास करने पर पीएम मोदी का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, भाजपा के प्रदेश प्रभारी विपल्ब देब, डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, कैबिनेट मंत्री डॉ. बनवारीलाल व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह ने पीएम के साथ मंच सांझा किया।

5379487