Logo
हरियाणा विधानसभा के सियासी रण में अब मात्र तीन दिन शेष है और प्रदेशभर की नजरें हॉट सीटों पर लगी हुई है। 90 विधानसभा में से 6 सीट चर्चा का विषय बनी हुई है। अब देखना यह होगा कि 8 अक्टूबर को किसकी किस्मत का तारा चमकेगा और किसके हाथ निराशा लगेगी।

योगेंद्र शर्मा, चंडीगढ़: सूबे में विस 2024 के सियासी रण को लेकर अब करो या मरो की स्थिति आ गई है, क्योंकि तीन दिन मात्र शेष बचे हैं। कुल मिलाकर प्रदेश की हाईप्रोफाइल सीटों पर लड़ रहे सियासी दिग्गजों की सीटों को लेकर ज्यादा चर्चा है, इनको लेकर अंतिम चरण में दावे प्रतिदावे किए जा रहे हैं। कुल मिलाकर पांच से छह सीटों पर पूरे प्रदेश और देश की नजरें रहने वाली हैं, क्योंकि इन पर सियासी दिग्गजों का भविष्य टिका हुआ हैं। प्रदेश के सीएम नायब सिंह सैनी के साथ में पूर्व गृहमंत्री अनिल विज सहित कई मंत्रियों और दिग्गजों की प्रतिष्ठा इस बार दांव पर है।

90 में से 6 सीटों पर लगी नजरें

हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान पांच अक्टूबर को होना है। प्रदेश की 90 सीटों में से पांच से छह प्रमुख सीटों पर सभी की नजरें लगी रहेंगी। विधानसभा की सभी 90 सीटों पर 5 अक्टूबर को मतदान की तैयारी पूरी हो चुकी  है। अंतिम चरण के सियासी युद्ध में सियासी दिग्गज तो लगे ही हैं, साथ ही पुलिस और प्रशासन भी तमाम जिलों में मुस्तैद है। तमाम दलों की ओर से मतदाताओं को पक्ष में करने के लिए हर संभव कोशिश का दौर चल रहा है। प्रदेश की 90 में से काफी सीटें हाईप्रोफाइल सीटें बन चुकी हैं।

अंबाला छावनी सीट बनी हॉट सीट

हरियाणा की अंबाला छावनी की सीट हाईप्रोफाइल सीटों में एक है। भाजपा की टिकट पर इस सीट से अनिल विज चुनाव लड़ रहे हैं। वह छह बार इसी सीट से विधायक रह चुके हैं। इस बार भी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं। यह सीट इसलिए हाई प्रोफाइल है, क्योंकि यहां से कांग्रेस की बागी चित्रा सरवारा भी चुनाव लड़ रही हैं। कांग्रेस ने परविंदर सिंह पारी को चुनावी मैदान में उतारा है।

नारनौंद पर रहेंगी नजरें

मनोहर सरकार पार्ट वन में वित्त मंत्री रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता और समाजसेवी कैप्टन अभिमन्यु की सीट नारनौंद पर भी सभी की नजरें हैं। उनकी सीट को लेकर भी प्रदेश भर की नजरें लगी रहेंगी, यहां पर कांग्रेस और भाजपा में सीधा मुकाबला बताने वालों की संख्या ज्यादा, जबकि त्रिकोणीय चुनाव बताने वालों की संख्या कम है। पूर्व में एक चुनाव कैप्टन अभिमन्यु यहां से हार गए थे, पिछली बार यहां से रामकुमार गौतम जजपा से जीते थे लेकिन इस बार गौतम खुद पूर्व वित्तमंत्री के लिए वोट की अपील कर रहे हैं।

डबवाली हॉट सीट में शामिल

प्रदेश की डबवाली की गिनती हाई प्रोफाइल सीटों में है। देवीलाल परिवार के सदस्य इस बार इस सीट पर आमने-सामने हैं। देवीलाल के पड़पोते दिग्विजय जजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। उनके अलावा, मौजूदा विधायक और देवीलाल के भाई के पोते अमित सिहाग कांग्रेस के टिकट पर इसी सीट से चुनावी मैदान में हैं।

जुलाना भी हॉट सीटों में एक

जुलाना सीट पर प्रदेश की ही नहीं, देश की भी नजर टिकी हैं। कुश्ती खिलाड़ी विनेश फोगाट कांग्रेस के टिकट से चुनाव लड़ रही हैं। बीजेपी के टिकट पर एयर इंडिया के कैप्टन योगेश बैरागी चुनाव लड़ रहे हैं। जेजेपी की ओर से मौजूदा विधायक अमरजीत ढांडा चुनावी मैदान में हैं। सीट भी अच्छी खासी चर्चा में हैं, क्योंकि विनेश को कांग्रेस ने मैदान में उतारकर बड़ा कार्ड खेल दिया है।

तोशाम सीट पर तय होगा सियासी भविष्य

भिवानी की तोशाम सीट पर बंसीलाल के पोते और पोती आमने-सामने हैं। सीट बंसीलाल परिवार की पैतृक सीट है और सीट से भाजपा के टिकट पर किरण चौधरी की बेटी पूर्व सांसद श्रुति चौधरी चुनाव लड़ रही हैं। कांग्रेस ने इस सीट से श्रुति चौधरी के ताऊ के बेटे यानी श्रुति चौधरी के भाई अनिरुद्ध चौधरी को मैदान में उतारकर मुकाबले को रोचक बना दिया है।

लाडवा से सीएम का चेहरा आजमा रहा भाग्य

कुरुक्षेत्र की लाडवा सीट भी चर्चित सीटों में से एक है। सीट से प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी चुनाव लड़ रहे हैं। सीट पर उनका मुकाबला कांग्रेस के मौजूदा विधायक मेवा सिंह से है। उल्लेखनीय है कि हरियाणा में नई सरकार के गठन के लिए पांच अक्टूबर को सभी 90 सीटों पर मतदान की तैयारी है। आठ अक्टूबर को चुनावी नतीजे घोषित किए जाएंगे। इससे पहले हरियाणा में एक अक्टूबर को चुनाव होना था और चार अक्टूबर को नतीजे आने थे। अंबाला कैंट, डबवाली, जुलाना, तोशाम और लाडवा चर्चा में हैं। इसके अलावा भी कुछ अन्य सीटें चर्चाओं में हैं, क्योंकि वहां पर वर्तमान मंत्री औऱ कई सीटों पर पूर्व मंत्री भाग्य आजमा रहे हैं। अब देखना यह होगा कि मतदाता किसकी किस्मत में क्या लिखते हैं ?

5379487