Logo
सीएम नायब सैनी की सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले निर्दलीय विधायक रणजीत सिंह चौटाला ने रानियां सीट से विधायक के पद से इस्तीफा दे दिया है। रणजीत सिंह ने अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता को भेज दिया है।

Haryana: सीएम नायब सैनी की सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले निर्दलीय विधायक रणजीत सिंह चौटाला ने रानियां सीट से विधायक के पद से इस्तीफा दे दिया है। रणजीत सिंह ने अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता को भेज दिया है। हालांकि इस्तीफा स्वीकार होगा या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। रणजीत सिंह चौटाला ने 24 मार्च को ही भाजपा ज्वाइन की है, जिसके बाद उन्हें हिसार सीट से लोकसभा की टिकट दी गई है।

लोकसभा का चुनाव लड़ने जा रहे रणजीत सिंह चौटाला

भाजपा ने प्रदेश सरकार में मंत्री रणजीत सिंह चौटाला को हिसार लोकसभा सीट ने अपना प्रत्याशी बनाया है। चुनाव लड़ने के लिए उन्होंने रानियां से अपने विधायक पद से इस्तीफा दिया है। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता को इस्तीफा भेज दिया गया है, लेकिन ज्ञान चंद गुप्ता ने अभी तक इस्तीफे को स्वीकार नहीं किया है, क्योंकि रणजीत सिंह चौटाला ने स्वयं न जाकर किसी के हाथ इस्तीफा भेजा है। बता दें कि रणजीत सिंह चौटाला ने रानियां सीट से साल 2019 में निर्दलीय विधायक के तौर पर चुनाव जीता था। अब विधानसभा से लोकसभा जाने की तैयारी कर रहे हैं।

हिसार से टिकट न मिलने पर कुलदीप बिश्नोई परिवार नाराज

हिसार लोकसभा सीट से टिकट न मिलने के कारण पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई परिवार खासा नाराज नजर आ रहा है। कुलदीप बिश्नोई पूर्व सीएम भजन लाल के पुत्र हैं, जबकि भव्य बिश्नोई वर्तमान में विधायक है। भाजपा ने बिश्नोई परिवार पर भरोसा न जताते हुए पूर्व उपप्रधानमंत्री देवीलाल के छोटे पुत्र रणजीत सिंह चौटाला पर विश्वास जताया है। अब देखना यह होगा कि क्या रणजीत सिंह चौटाला हिसार लोकसभा से भाजपा की नैया पार लगा पाते हैं या कुलदीप बिश्नोई परिवार की नाराजगी उन पर भारी पड़ती है।

5379487