Logo
हरियाणा के जगाधरी में दुष्कर्म पीड़िता नाबालिग ने सिविल अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया। पीड़िता का परिवार बदनामी के डर से एक सप्ताह पहले ही यहां आया था। पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर पश्चिम बंगाल केस को भेज दिया।

Yamunanagar: जगाधरी के सिविल अस्पताल में दुष्कर्म पीड़िता नाबालिग ने एक बच्ची को जन्म दिया। पीड़ित लड़की एक सप्ताह पहले की परिवार के सदस्यों के साथ पश्चिम बंगाल से यमुनानगर के जगाधरी में आई थी। आरोप है कि वहां पर इमरान नामक युवक नाबालिग को बहला फुसला कर अपने साथ ले गया था। करीब तीन माह बाद नाबालिग लड़की फिर से अपने घर वापस आ गई। इस दौरान पीड़िता गर्भवती हो गई थी, मगर उसने परिवार के सदस्यों को कुछ नहीं बताया। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज कर केस पश्चिम बंगाल पुलिस को ट्रांसफर कर दिया।

तबीयत खराब हुई तो दुष्कर्म का पता चला

जानकारी अनुसार पश्चिम बंगाल निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मेहनत मजदूरी करता है। कुछ माह पहले उसकी नाबालिग लड़की को इमरान नामक युवक बहला फुसला कर अपने साथ लेकर चला गया था। तीन माह बाद उसकी लड़की घर वापस आ गई। मगर उसकी लड़की ने उन्हें कुछ नहीं बताया। एक दिन उसकी लड़की की तबीयत खराब हो गई। जब वह उसे अस्पताल लेकर गए तो उन्हें पता चला कि उसकी लड़की गर्भवती है। पूछने पर नाबालिग ने उन्हें सारी बात बताई।

बदनामी से बचने के लिए यमुनानगर आया था परिवार

पीड़िता के पिता ने बताया कि बदनामी के डर से वह परिवार को लेकर पश्चिम बंगाल से यमुनानगर के जगाधरी में आ गया, ताकि किसी को कुछ पता न चले। एक सप्ताह पहले ही वह आए थे। जब उसकी लड़की की तबीयत खराब हुई तो उन्होंने नाबालिग को जगाधरी के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसकी लड़की ने एक बच्ची को जन्म दिया। उसने आरोपी युवक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज कर केस पश्चिम बंगाल पुलिस को ट्रांसफर कर दिया।

5379487