Logo
हरियाणा में मांगों को लेकर रोडवेज का 24 जनवरी को चक्का जाम रहेगा। ऐसे में यात्रियों को निजी बसों का सहारा लेना पड़ेगा। 30 सूत्रीय मांगों को लेकर पूर्व निर्धारित घोषणा के अनुसार रोडवेज कर्मचारी हड़ताल कर रहे हैं।

Jind : अगर आप रोडवेज बसों के माध्यम से 24 जनवरी को कहीं बाहर जाने का मन बना रहे हैं तो जरा संभल जाएं। बुधवार को रोडवेज कर्मचारियों ने बसों के चक्का जाम का ऐलान किया है। ऐसे में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि निजी बस संचालकों ने ऐलान किया कि वह अपनी बसें चलाएंगे, इसलिए लोकल रूटों पर कम, लेकिन दिल्ली, गुरुग्राम, चंडीगढ़, हिसार, पंचकूला समेत दूसरे लंबे रूटों पर दिक्कत आ सकती है। ऐसे में बस में सफर करना काफी कठिनाई भरा साबित हो सकता है।

30 सूत्रीय मांगों को लेकर चक्का जाम की कर्मचारियों ने की घोषणा 

कर्मचारी सांझा मोर्चा के आह्वान पर न्याय संहिता बिल के विरोध में स्टेज कैरिज स्कीम के परमिट रद्द करने समेत 30 सूत्रीय मांग पत्र को लेकर 24 दिसंबर को रोडवेज कर्मचारियों ने करनाल में मुख्यमंत्री कैंप का घेराव किया गया था। उस समय 10 जनवरी से पहले सांझा मोर्चा के साथ बैठक करवाने का आश्वासन मंत्री ने दिया था। अभी तक उनके साथ बैठक नहीं हो पाई है। इसके रोष में ही उन्होंने 24 जनवरी को चक्का जाम का ऐलान किया। उनकी मांग है कि न्याय संहिता बिल रद्द किया जाए, कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए, चालक व परिचालक वेतन विसंगति को दूर किया जाए।

लंबे रूटों पर जाने वाले यात्रियों को होगी दिक्कत

अगर रोडवेज कर्मचारियों द्वारा किया गया बसों का चक्का जाम का आह्वान सफल रहता है तो फिर जींद डिपो की 170 बसों के पहिये थम जाने से यात्रियों की परेशानी बढ़ जाएगी। जींद से चंडीगढ़, पंचकूला, दिल्ली, गुरुग्राम, हिसार, सिरसा, पानीपत, हरिद्वार, सालासर, नारनौल समेत लंबे रूटों के अलावा अंतर जिला रूटों पर बसें चलती हैं। जिनमें हर रोज 20 हजार से ज्यादा यात्री सफर करते हैं। बसों के चक्का जाम होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। कर्मचारी महासंघ के पूर्व प्रदेश मुख्य संगठन सचिव अनूप लाठर ने कहा कि 24 जनवरी को पूर्ण चक्का जाम किया जाएगा।

निजी बस संचालकों के सहारे रहेंगे यात्री 

निजी बस संचालकों ने कहा कि वह रोडवेज की हड़ताल में शामिल नहीं होंगे। वह अपनी सभी बसें सुचारू रूप से चलाएंगे। स्टेज कैरिज प्राइवेट बस एसोसिएशन हरियाणा के राज्य प्रधान सुनील श्योरण ने कहा कि जींद जिले में करीब 189 निजी बसें विभिन्न रूटों पर दौड़ रही हैं। जींद डिपो के महाप्रबंधक कमलजीत ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि बसों का संचालन किया जाए। आमजन को किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।

5379487