Logo
हरियाणा में रोहतक के महम में भाईयों की शादी में मायके आई पत्नी के साथ विवाद के बाद अपने परिवार के साथ मिलकर लाठी डंडों से पत्नी, सास-ससुल व साले की पिटाई कर दी। विवाहिता की मां ने दामाद पर पहले भी अपनी बेटी को परेशान करने व इसी नाराजगी में अपने बेटों की शादी में नहीं आने का भी आरोप लगाया।

रोहतक(महम)। रोहतक के महम कस्बे महम में दामाद द्वारा ससुराल में जमकर उत्पात मचाया गया। आरोपी ने परिजनों के साथ मिलकर अपनी पत्नी, सास-ससुर व साले पर लाठी-डंडों से हमला किया। घटना के समय आरोपी की पत्नी अपने भाईयों की शादी में मायके आई हुई थी। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

दो मार्च को हुई दो भाईयों की शादी 

गांव किशनगढ़ निवासी केला देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे महम के आर्य नगर में रहते हैं। उसने बताया कि 2 मार्च को उसके बेटों की शादी थी, इसलिए उसने अपनी बेटी पूजा को भी मायके में ही बुला रखा था। शादी के बाद 6 मार्च की रात करीब 10 बजे उनके घर पर उसकी बेटी पूजा के पति सुनील व उसके भाई तथा माता-पिता ने घर में घुसकर हमला कर दिया।

पहले से करता था परेशान 

केला देवी ने शिकायत में आरोप लगाया कि उसका दामाद उसकी बेटी को पहले ही तंग करता था। इसलिए वह शादी में भी नहीं आया। 6 मार्च को वह बच्चों को लेने के लिए आया था। उसने शराब पी हुई थी। उसने आते ही उनकी बेटी के साथ झगड़ा आरंभ कर दिया। फिर दामाद ने अपने परिवार वालों को बुला लिया और लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। उन्होंने केला देवी, उसकी लड़की पूजा, उसके लड़के नीरज व उसके पति बलवान के साथ मारपीट की।

पति-पत्नी में चल रही अनबन

महम पुलिस थाना के जांच अधिकारी सोमवीर सिंह ने बताया कि पति-पत्नी में अनबन चल रही थी। आरोपी अपनी पत्नी को लेने के लिए आया था। आरोपी ने परिवार के साथ मारपीट की। पुलिस ने आरोपी सुनील, मनोज, सावित्री व अजीत के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

5379487