Logo
हरियाणा के सोनीपत में किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के दोषी को अदालत ने 20 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई। साथ ही दोषी पर 60 हजार रुपए जुर्माना लगाया गया। जुर्माना न भरने पर दोषी को 15 माह की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।

Sonipat: गन्नौर थाना क्षेत्र में किशोरी को बहकाकर ले जाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोपित को अदालत ने दोषी करार दिया। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुरुचि अतरेजा सिंह की अदालत ने दोषी को 20 साल कैद की सजा सुनाई। अदालत ने दोषी पर 60 हजार रुपए जुर्माना भी लगाया। जुर्माना राशि से 50 हजार रुपए पीड़िता को देने के आदेश दिए गए। वहीं जुर्माना राशि अदा न करने पर दोषी को 15 माह की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।

ऑटो में बैठाकर भेजा था घर, छोटी बेटी नहीं पहु़ंची

गन्नौर में किराए पर रहने वाले व्यक्ति ने 25 अगस्त 2022 को गन्नौर थाना पुलिस को बताया था कि सुबह उनकी दो बेटियां न्यायालय की तरफ गली में आई थी। उन्होंने दोनों बेटियों को ऑटो में बैठाकर घर भेज दिया था। उनकी 15 वर्षीय छोटी बेटी घर नहीं पहुंची। उन्होंने उसकी तलाश की, लेकिन पता नहीं लग सका। पुलिस को शिकायत देकर अज्ञात पर बेटी को बहकाकर ले जाने का आरोप लगाया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। बाद में पुलिस ने 29 अगस्त 2022 को लड़की को गांव जौली निवासी वेदप्रकाश उर्फ अनिल के पास से बरामद किया। वह उनके पड़ोस में रहता था। लड़की के कोर्ट में बयान दर्ज कराए गए, जिसने बताया कि वेदप्रकाश ने उसे करनाल के होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले में दुष्कर्म के साथ ही 6 पॉक्सो व बाद में एससी एसटी एक्ट भी दर्ज किया।

डीएसपी गन्नौर ने की मामले की जांच, किया खुलासा

दुष्कर्म के मामले में तत्कालीन जांच अधिकारी एसआई बबली ने पीड़िता को लेकर करनाल होटल में निशानदेही की। बाद में एससी एसटी लगने पर मामले की जांच डीएसपी गन्नौर को दी गई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर उसे अदालत में पेश किया। आरोपी अपने दोस्त अमित की आईडी पर होटल में कमरा लिया था। अमित के बयान दर्ज किए गए। साथ ही मामले में धोखाधड़ी की धारा भी जोड़ी गई। मामले की सुनवाई के बाद एएसजे सुरुचि अतरेजा सिंह ने आरोपित वेदप्रकाश उर्फ अनिल को दोषी करार दिया। अदालत ने दोषी को 6 पॉक्सो एक्ट में 20 साल कठोर कारावास व 50 हजार रुपए जुर्माना तथा धोखाधड़ी में तीन साल कैद व 10 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई। दोनों सजा एक साथ चलेंगी।

5379487