Logo
हरियाणा के सोनीपत में बंद पड़े मकान में आपराधिक रिकार्ड वाले एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

Sonipat: लल्हेड़ी कलां गांव के एक बंद पड़े मकान में आपराधिक रिकार्ड वाले एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक देवराज उर्फ बुड्ढा लल्हेड़ी कला गांव का रहने वाला था। देवराज उर्फ बुड्ढा हत्या के मामले में जेल में सजा काट रहा था और तीन महीने पहले पेरोल पर आया हुआ था। अब उसका शव संदिग्ध अवस्था में बंद मकान में मिला। सूचना मिलने पर बड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत के सिविल अस्पताल में भिजवा दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।

देवराज 9 जनवरी से था लापता

मृतक देवराज उर्फ बुड्ढा 9 जनवरी से घर से लापता था। मृतक के स्वजन के अनुसार उन्होंने इसकी सूचना पुलिस आयुक्त कार्यालय में दी थी। अब उसका शव उसी के घर के पास बंद पडे़ एक मकान में मिला है। स्वजन ने देवराज की हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि देवराज के गले पर निशान भी हैं। जबकि पुलिस का कहना है कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान नहीं है। उसकी मृत्यु कैसे हुई, इस सवाल का जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट देगी।

अलग-अलग थानों में हैं मामले दर्ज

मृतक देवराज उर्फ बुड्ढा आपराधिक प्रवृति का था। उस पर गन्नौर, बड़ी व सिटी थाने में मारपीट, हत्या, हत्या के प्रयास व अवैध हथियार रखने के करीब 11 से अधिक मामले दर्ज हैं। वह हत्या के मामले में सजा भी काट रहा था। वह तीन महीने पहले जमानत पर आया था। बड़ी थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि मृतक देवराज उर्फ बुड्ढा के शरीर पर किसी गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया। फिलहाल पुलिस ने देवराज के शव का पोस्टमार्टम करवा शव स्वजन को सौंप दिया। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के कारणों का पता चला पाएगा, जिसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।

5379487