Logo
हरियाणा के सोनीपत में शादीशुदा दो प्रेमियों ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। दोनों को अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के परिजनों के बयान पर कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए।

Sonipat: मोहाना थाना क्षेत्र के गांव बादशाहपुर माच्छरी की सीमा में महिला व उसके प्रेमी ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। महिला जहरीला पदार्थ निगलने के बाद अपने घर पर आ गई। जहां तबीयत खराब होती देख परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला को खानपुर महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रेफर कर दिया। उसके बाद उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। रास्ते में महिला ने दम तोड़ दिया। वहीं महिला के प्रेमी को परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पावर ग्रीड में नौकरी करता था मृतक युवक

मृतक युवक की पहचान गांव जाजी निवासी अमित के रूप में हुई, जो पावर ग्रीड पर नौकरी करता था। उसका एक महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने किसी कारण एक साथ जहरीला पदार्थ निगल लिया। जहर खाने के बाद महिला अपने घर आ गई, जहां परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां से महिला को महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर अस्पताल में रेफर कर दिया। रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया। परिजन उसे लेकर सोनीपत नागरिक अस्पताल पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृतक घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतका के भाई के बयान पर कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

अस्पताल में भिड़ गए थे दोनों पक्ष

अस्पताल में शव लेने पहुंचे मृतक अमित के परिजनों व उसकी बलि ब्राह्मण निवासी पत्नी के मायके वाले आपस में भीड़ गए। परिजनों ने बताया कि अमित अपनी पत्नी के साथ झगड़ा करता रहता था। अस्पताल में दोनों पक्षों के बीच काफी कहासुनी हो गई। मौके पर मौजूद मोहाना थाना पुलिस कर्मचारियों ने दोनों पक्षों को समझाकर अलग-अलग बैठा दिया। बताया जा रहा है कि मृतक अमित व उसकी प्रेमिका दोनों शादीशुदा थे। मृतक अमित के पास दो बच्चे है। वहीं उसकी प्रेमिका सोनिया के पास भी दो बच्चे है। शादीशुदा होने के बावजूद दोनों का प्रेम प्रसंग चल रहा था।

5379487