Logo
हरियाणा के यमुनानगर में सुनीता केजरीवाल ने गरजते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली-पंजाब को बदल कर दिखाया है और अब हरियाणा बदलने की बारी है। हरियाणा की जनता आम आदमी पार्टी को इस बार मौका दे। दिल्ली में अरविंद केजरीवाल ने ऐसे-ऐसे काम किए, जो कोई भी पार्टी आज तक नहीं कर पाई।

सढ़ौरा/यमुनानगर: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की धर्मपत्नी सुनीता केजरीवाल ने गरजते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली-पंजाब को बदल कर दिखाया है और अब हरियाणा बदलने की बारी है। हरियाणा की जनता आम आदमी पार्टी को इस बार मौका दे। आप की सरकार बनने पर दिल्ली-पंजाब की तरह हरियाणा को भी मुफ्त व 24 घंटे बिजली, शानदार शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। महिलाओं को एक हजार रुपए महीना और सभी युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। दिल्ली में अरविंद केजरीवाल ने ऐसे-ऐसे काम किए, जो कोई भी पार्टी आज तक नहीं कर पाई। पीएम मोदी ने फर्जी केस में हरियाणा के लाल को जेल में डालकर ललकारा है। हरियाणा के लोग अपने बेटे का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे।

बदलाव जनसभा में जनता से मांगा आशीर्वाद

सुनीता केजरीवाल ने साढ़ौरा में बदलाव जनसभा कर हरियाणा के लाल अरविंद केजरीवाल के लिए प्रदेश की जनता का आशीर्वाद मांगा और कहा कि अरविंद केजरीवाल ने पहली बार चुनाव लड़ा और वे दिल्ली के मुख्यमंत्री बन गए। उन्होंने देश की राजनीति में भूचाल लाने का काम किया। ऐसे-ऐसे काम किए, जो कोई भी पार्टी नहीं कर पाई। आज पूरी दुनिया में लोग अरविंद केजरीवाल को उनके कामों से जानते हैं। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली और पंजाब के सरकारी स्कूल अच्छे कर दिए। गरीबों के बच्चों का भविष्य उज्जवल कर दिया। शानदार मोहल्ला क्लीनिक और अस्पताल कर दिए, जहां मुफ्त और अच्छा इलाज होता है। उन्होंने बिजली फ्री कर दी। महिलाओं को बस में फ्री सफर करने की सुविधा दी।

साढ़ौरा में नहीं एक भी सरकारी कॉलेज

सुनीता केजरीवाल ने कहा कि साढ़ौरा में एक भी सरकारी कॉलेज नहीं है। यहां के बच्चे पढ़ने के लिए कहां जाएंगे। सरकारी अस्पतालों की हालत इतनी जर्जर है कि उसमें कौन इलाज कराए। बीजेपी सरकार में सिक्योरिटी डिपोजिट देने के बाद भी किसानों को ट्यूबवेल के कनेक्शन नहीं मिलते। हरियाणा में अवैध खनन बढ़ गया है। बीजेपी सरकार को विकास से कोई मतलब नहीं है। जनता हर चीज पर टैक्स देती है। इसलिए जनता को अधिकार है कि सरकार उनको अच्छी शिक्षा, अच्छी चिकित्सा, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं दे। तीन महीने बाद हरियाणा में विधानसभा चुनाव है। बीजेपी को हरियाणा में एक सीट भी नहीं जानी चाहिए।

सुनीता केजरीवाल ने जनता को दी 5 गारंटी

सुनीता केजरीवाल ने कहा हरियाणा के लाल अरविंद केजरीवाल ने जनता के लिए पांच गारंटी दी है। अरविंद केजरीवाल अपनी गारंटी को पूरी करके दिखाते हैं। दिल्ली और पंजाब में उनकी गारंटी पूरी हो रही हैं। अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा को पहली गारंटी दिल्ली और पंजाब की तरह घरेलू बिजली फ्री करने, दिल्ली और पंजाब की तरह हर गांव व हर शहर में मोहल्ला क्लीनिक बनाने, सरकारी स्कूलों को अच्छा बनाने, हर महिला को हर महीने एक हजार रुपए देने व हर बेरोजगार युवा को रोजगार देने की गारंटी दी। इसके अलावा किसानों, व्यापारियों, खिलाड़ियों, महिलाओं और बुजुर्गों के विकास और खुशहाली के लिए विस्तृत योजनाएं लेकर आएंगे।

5379487